प्रयागराज में अपहरण के बाद , ईंट से सिर कूंचकर नहर में फेंका
प्रयागराज में 15 साल के लड़के की अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। बुधवार सुबह घर से 10 किमी दूर नहर में उसका अर्धनग्न शव मिला। सिर को ईंट से कूंचा गया था। आंख पर भी वार किया गया था। बगल में खून से सनी ईंट और सफेद टीशर्ट पड़ी थी।
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाया। फिर घरवालों को बुलाकर नाबालिग की पहचान कराई। पहचान फूलपुर थाने के बाबूगंज इलाके के कन्नौजा खुर्द गांव निवासी हसनैन आलम के रूप में हुई। हसनैन सोमवार शाम घर से सब्जी लेने के लिए निकला था।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाजार से उसे बाइक सवार युवक उठाकर ले गए थे। हसनैन की मां ने कहा- मेरे चचेरे भाई यानी हसनैन के रिश्ते के मामा ने रंजिश में उसकी हत्या कराई है।
कन्नौजा खुर्द गांव के रहने वाले परवेज आलम पुणे में प्राइवेट नौकरी करते हैं। गांव में उनकी बीबी आशियां बेगम 4 बच्चों के साथ रहती हैं। सबसे बड़ा बेटा हसनैन आलम था। उसने पढ़ाई छोड़ दी थी। वो घर पर ही रहता था। हसनैन मंगलवार शाम को करीब 5 बजे घर से सब्जी लेने के लिए बाजार की तरफ गया था। वहां से वह घर नहीं लौटा।
देर शाम को जब हसनैन वापस नहीं आया तो परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। चश्मदीदों ने बताया- शाम करीब 5.15 बजे उसे उसके कुछ जानने वालों के साथ बाइक पर बैठ कर जाते देखा गया था। रातभर परिजनों ने उसकी तलाश की, जब नहीं मिला तो थाने में तहरीर दी।
मां आशियां ने हसनैन के रिश्ते के मामा सईद बाबा पर अपहरण और हत्या कराने का आरोप लगाया है। आरोप है कि मलेथुआ संदलपुर गांव के रहने वाले सईद बाबा के बेटे जुनैद और उसके दोस्त ने हसनैन को अगवा कर मार डाला। यही लोग उसे जबरदस्ती अपने साथ ले गए थे।
मृतक हसनैन के मामा राजू की शादी सईद बाबा की लड़की से हुई थी। शादी के बाद विवाद हो गया। राजू का आरोप है कि लड़की सिगरेट पीती थी, गुटका खाती थी और इधर-उधर घूमती थी। इसी पर राजू का पत्नी से झगड़ा हुआ और पत्नी मायके चली गई। इस पर सईद बाबा के परिवार ने राजू पर केस दर्ज कराया। तब से लड़की मायके में रहती है। इसी को लेकर दुश्मनी चल रही है। मां का आरोप है कि इसी रंजिश का बदला लेने के लिए राजू के भांजे हसनैन का सईद बाबा ने कत्ल करा दिया।