सऊदी में ऑयल रिफाइनरी पर हमला:UAE-कतर के तेल-गैस प्लांट पर भी ड्रोन अटैक
अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के बीच सऊदी अरब के यनबू पोर्ट पर स्थित सैमरेफ ऑयल रिफाइनरी पर हवाई हमला हुआ है। इसके अलावा UAE और कतर के तेल-गैस प्लांट पर भी ड्रोन हमले हुए हैं। ईरान ने हाल ही में सऊदी अरब, UAE और कतर के तेल ठिकानों को खाली करने की वॉर्निंग दी थी।
सऊदी ने आज ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। सऊदी के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान अल सऊद ने कहा कि हमारे देश के पास ईरान को जवाब देने की पूरी ताकत है। ईरान के हमले पहले से प्लान किए गए लगते हैं और हमारे सब्र का इम्तिहान न लें।
होर्मुज स्ट्रेट बंद होने की वजह से अब ज्यादातर तेल यनबू पोर्ट से भेजा जा रहा है।
कतर बोला- ईरानी हमलों के बावजूद एयर क्वालिटी सामान्य
ईरान-इजराइल जंग के बीच कतर पर हुए हमलों के बाद वहां की सरकार ने स्थिति पर अपडेट दिया है।
कतर के गृह मंत्रालय ने कहा कि रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी, अल धखीरा और अल खोर इलाकों में एयर क्वालिटी सामान्य स्तर पर बनी हुई है।
मंत्रालय के मुताबिक, इन इलाकों में हवा की गुणवत्ता की जांच सिविल डिफेंस काउंसिल द्वारा की गई और सभी संकेतक सुरक्षित पाए गए।
दरअसल, हाल ही में ईरान ने कतर के सबसे बड़े गैस हब रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी पर मिसाइल हमले किए थे, जिससे वहां ‘भारी नुकसान’ होने की खबरें सामने आई थीं।
ब्रिटेन में थोक गैस की कीमतें 130% बढ़ीं
ब्रिटेन में थोक गैस की कीमतें बढ़कर 171.34 पेंस प्रति थर्म (करीब 2.29 डॉलर) पहुंच गई हैं। इसकी वजह इजराइल-अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध है, जिससे वैश्विक ऊर्जा सप्लाई पर बड़ा असर पड़ा है।
यह स्तर जनवरी 2023 के बाद पहली बार देखा गया है। 28 फरवरी को ईरान के खिलाफ युद्ध शुरू होने के बाद से ब्रिटेन में गैस की कीमतें करीब 140 प्रतिशत बढ़ चुकी हैं। उस समय कीमत 71.13 पेंस प्रति थर्म (करीब 1.33 डॉलर) थी।
मिसाइल हमलों में कतर के रास लफ्फान एलएनजी कॉम्प्लेक्स के कुछ हिस्सों में आग लग गई, जिससे दुनिया के सबसे बड़े गैस हब में से एक को नुकसान पहुंचा है। ब्रिटेन अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए आयात पर काफी निर्भर है, खासकर मध्य पूर्व और कतर से आने वाली गैस पर।
ईरान बोला- एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला किया तो और बड़े हमले करेंगे
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के खातम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के प्रवक्ता ने कहा है कि ईरान की ऊर्जा ठिकानों पर हुए हमलों का जवाब अभी खत्म नहीं हुआ है।
ISNA न्यूज एजेंसी के मुताबिक जारी बयान में प्रवक्ता ने चेतावनी दी कि अगर ईरान के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर दोबारा हमला हुआ, तो उसका जवाब और खतरनाक होगा।
उन्होंने कहा, “हम दुश्मन को चेतावनी देते हैं कि आपने ईरान के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमला करके बड़ी गलती की है। अगर यह दोबारा हुआ, तो आपके और आपके सहयोगियों के एनर्जी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर हमले तब तक जारी रहेंगे, जब तक उनका पूरी तरह विनाश नहीं हो जाता।” PM मोदी ने 24 घंटे में 4 राष्ट्राध्यक्षों से बातचीत की
पीएम मोदी ने गुरुवार को मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम से बात की। इसकी जानकारी उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर दी है।
दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट की गंभीर स्थिति पर भी चर्चा की और तनाव कम करने के साथ बातचीत और कूटनीति के जरिए जल्द शांति बहाल करने पर सहमति जताई। पीएम मोदी पिछले 24 घंटे में 4 राष्ट्राध्यक्षों से बातचीत कर चुके हैं। वे इससे पहले ओमान, कुवैत और फ्रांस के नेताओं से बातचीत कर चुके हैं।

