Dailynews

अयोध्या : मंत्रियों के सामने अयोध्या DM से महंत राजूदास की हॉट-टॉक, नाराज कलेक्टर ने गनर हटाया

अयोध्या, भाजपा की हार सुर्खियों में है। अब हनुमानगढ़ी के महंत राजू दास की 2 मंत्रियों के सामने डीएम अयोध्या से हॉट-टॉक हो गई। हालात ऐसे बने कि डीएम अयोध्या नीतीश कुमार ने राजू दास की सुरक्षा में तैनात गनर को वापस ले लिया।

दरअसल, गुरुवार रात 11 बजे सरयू अतिथि भवन में हार की समीक्षा के लिए बैठक बुलाई गई। इसमें विधायक, मेयर और भाजपा के पदाधिकारी शामिल हुए। कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही और जयवीर सिंह भी मौजूद थे।

फीडबैक देने के लिए महंत राजू दास, डीएम नीतीश कुमार और SSP राजकरन नैय्यर भी पहुंचे। DM ने राजू दास के कुछ दिन पहले दिए बयान पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने हार का ठीकरा अफसरों पर फोड़ा था। यही नहीं, अफसरों को अपशब्द भी कहे थे।

डीएम ने महंत के पास बैठने से इनकार कर दिया। इसके बाद महंत और डीएम में कहासुनी हो गई। इसके चलते 15-20 मिनट मीटिंग बाधित रही। मंत्रियों ने हस्तक्षेप कर दोनों को शांत कराया। महंत राजू दास ने कहा- पहले 3 गनर थे। 2 को चुनाव के बाद हटा लिया था। एक बचा था, उसे भी हॉट-टॉक के बाद हटा लिया।

 महंत राजू दास से बात की। उन्होंने कहा- हम लोग भाजपा के छोटे कार्यकर्ता हैं। मोदी-योगी के लिए काम करते हैं। हम जनता के लिए काम करते हैं। हमें दुख है कि सुरक्षा हटा दी गई है।

उन्होंने कहा- फैजाबाद हार की समीक्षा की बैठक ठीक हो रही थी। हमने जनता की आवाज के बारे में बताया। मगर कुंठित मानसिकता के अधिकारी, जिनको लोकतंत्र में आस्था नहीं है, वो डिस्टर्ब हो गए। हमारी सुरक्षा हटाना, हमारी हत्या की साजिश जैसा है।

वहीं, डीएम नीतीश कुमार ने कहा- महंत राजू दास के अक्सर अमर्यादित बयान देते रहते हैं। उन्हें ऐसा आचरण न करने को कहा था, इसी पर वो भड़क गए।

सुभासपा ने डीएम पर कार्रवाई की मांग की
भाजपा के सहयोगी दल सुभासपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता पीयूष मिश्रा ने कहा- अयोध्या डीएम ने महंत राजू दास का गनर वापस लिया। यह घोर निंदनीय है। डीएम अयोध्या पर कार्रवाई की जाए। इस तरह का व्यवहार किसी साधु-संत या आम नागरिक के साथ करने का अधिकार किसी भी अफसर को नहीं है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *