बुलंदशहर : नहर में डूबे युवक का चार दिन बाद खुर्जा में मिला शव
बुलंदशहर में रविवार को गंग नहर में डूबे युवक धर्मेंद्र का शव गुरुवार को खुर्जा के मुंडाखेड़ा क्षेत्र स्थित नहर से बरामद किया गया। चार दिन बाद शव मिलने से परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं उन्होंने दोस्तों पर हत्या का आरोप लगाया है।
जानकारी के अनुसार, गांव धमेड़ा कीरत निवासी धर्मेंद्र पुत्र ओमपाल रविवार को अपने दोस्तों के साथ गंग नहर पर गया था। परिजनों का आरोप है कि वहां पहले शराब पार्टी हुई और फिर युवक को नहर में धक्का दे दिया गया, जिससे उसकी डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजन दोस्तों पर हत्या का आरोप लगा रहे थे।
गोताखोर तलाश में जुटे थे
धर्मेंद्र के डूबने के बाद से राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। कई दिनों की मशक्कत के बाद गुरुवार को उसका शव खुर्जा के मुंडाखेड़ा क्षेत्र में नहर से बरामद हुआ।
रुपये रखकर नहाने क्यूं उतरेगा
शव मिलने के बाद परिजनों ने गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि मृतक की जेब से पैसे मिले हैं, ऐसे में यह कहना गलत है कि वह नहाने के लिए खुद नहर में कूदा होगा, क्योंकि कोई भी व्यक्ति पैसे जेब में रखकर पानी में नहीं उतरता। परिजनों ने पुलिस पर मामले में लापरवाही बरतने और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई न करने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

