News

बुलंदशहर : होली पर 12वीं की छात्रा से गैंगरेप

बुलंदशहर में होली पर मेला घूमने आई 12वीं की छात्रा के साथ गैंगरेप किया गया। खनन माफिया ने अपने दोस्त के साथ उठा लिया। फिर कार में डालकर उसे 8 किलोमीटर दूर जंगल में ले गया। उसके पीछे दूसरी कार से 2 और साथी वहां पहुंचे। चारों ने छात्रा के साथ बारी-बारी से रेप किया। छात्रा के बेहोश होने पर आरोपी उसे बदहवास हालत में जंगल में छोड़कर फरार हो गए।

परिजन छात्रा को ढूंढते हुए जब जंगल पहुंचे तो वो बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। उसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसका इमरजेंसी में इलाज चल रहा है। होश आने पर भी वह किसी से बात नहीं कर रही है। डॉक्टरों के अनुसार, छात्रा गहरे सदमे में है। उसकी काउंसिलिंग की जा रही है।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने खनन माफिया समेत चारों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया। इनमें से एक आरोपी छात्रा के गांव का है। लेकिन 12 घंटे बीतने के बाद भी जब आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो आज सुबह पीड़िता के पिता समेत गांव के लोग थाने में हंगामा करने लगे। मामला बढ़ता देख पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूरा मामला चोला थाना क्षेत्र का है।

सिखेड़ा गांव की रहने वाली 17 साल किशोरी 12वीं की छात्रा है। बुधवार को होली के दिन वो अपने घर से करीब 8 किलोमीटर दूर पचौता गांव में लगे मेले में अपनी भाभी और ताई के साथ घूमने गई थी। इसी दौरान बुधवार शाम के समय वह अचानक परिजनों से बिछड़ गई। जब उसका कुछ पता नहीं चला तो उसकी तलाश शुरू की गई। काफी खोजबीन के बाद जब वो नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़िता के पिता ने बताया- रात करीब 8 बजे हम लोग बेटी को खोजते हुए जंगल में पहुंचे तो वो हमें बेहाशी की हालत में झाड़ियों के पास पड़ी मिली। ये देखते ही हम लोगों के होश उड़ गए। आनन फानन में पुलिस को सूचना देकर उसे अस्पताल ले गए। होश में आने पर उसने अपने साथ हुई आपबीती बताई। उसी समय आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की गई। लेकिन पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसके बाद गुरुवार सुबह पुलिस को लिखित शिकायत दी गई।

गुरुवार सुबह साढ़े नौ बजे परिवार ने एफआईआर दर्ज कराई, लेकिन पुलिस ने उसके बाद भी एक्शन नहीं लिया। इस पर परिवार ने थाने पर सुबह 11 बजे हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस के हाथ पांव फूल गए। आनन-फानन ने पुलिस ने आरोपी खनन माफिया सुनील यादव को गिरफ्तार कर लिया। उसने अपने तीन अन्य साथियों प्रिंस यादव, दीपांशु यादव और एक अन्य का नाम बताया। पुलिस ने एक घंटे के अंदर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।

लड़की के चाचा ने बताया कि पचौता गांव में लगे मेले में बच्ची गई थी। वहीं से दो लड़के जबरदस्ती उसे मुंह दबाकर गाड़ी में डालकर ले गए। उसके साथ 4 लोगों ने दरिंदगी की है। पुलिस ने तीन नामजद और एक अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन कार्रवाई करने में ढिलाई बरती जा रही है।

पिता ने सीएम योगी आदित्यनाथ से दरिंदों का एनकाउंटर कराने की मांग की है। उन्होंने कहा- आज हमारी बच्ची के साथ हुआ है, वो कल किसी और की बच्ची के साथ ना हो। इसलिए दरिंदों का सीधे एनकाउंटर हो। पीड़िता इस समय 12वीं के बोर्ड एग्जाम दे रही है। पिता किसान हैं और मां गृहिणी हैं। परिवार में एक बड़ा भाई है जो ग्रेजुएशन कर रहा है।

पुलिस के अनुसार, चारों आरोपी आसपास के गांवों के रहने वाले हैं और सभी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। सुनील पर खनन के और भी कई मामले दर्ज हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *