मथुरा में परिवार के 5 लोगों की लाश मिली
मथुरा में एक ही कमरे से एक परिवार के 5 लोगों की लाशें मिलीं। मृतकों में पति, पत्नी और 3 बच्चे शामिल हैं। कमरे में बेड पर मां, एक बेटी-बेटा मिले। दूसरी बेटी चारपाई पर पड़ी थी, जबकि पति का शव फर्श पर मिला।
इस मामले में पुलिस की 2 थ्योरी सामने आई हैं। पहली- पति-पत्नी और बच्चों ने दूध में जहर मिलाकर पी लिया। दूसरी- पति ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर बच्चों की जान ली। बाद में खुद करंट लगाकर आत्महत्या कर ली।
SSP श्लोक कुमार ने बताया कि घटना का पता उस समय चला, जब सुबह बच्चे दिखाई नहीं दिए। इस पर पड़ोस में रहने वाले मनीष के भाई जयकिशन मौके पर पहुंचे। दरवाजा अंदर से बंद होने की वजह से जयकिशन मेन गेट फांदकर अंदर गए। फिर कमरे का दरवाजा तोड़ा। अंदर सभी मृत पड़े मिले। इसके बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी।
पुलिस को 2 सुसाइड नोट और एक वीडियो मिला है। पहला रसोई की दीवार पर लिखा था। इसमें कहा गया- मैं मनीष और सीमा अपनी मर्जी से मरे हैं। पुलिस किसी को परेशान न करे। दूसरा नोट कागज पर मिला, उसमें भी यही बातें लिखी हैं। वहीं, सुसाइड से पहले का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें मनीष ने दुखों से परेशान होकर जान देने की बात कही है।

