ETAH मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर की दबंगई, तीमारदारों को पीटा
एटा के वीरांगना अवंतीबाई मेडिकल कॉलेज में तैनात डॉक्टर मुकेश परमार की दबंगई का वीडियो सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मरीज के तीमारदारों के साथ मारपीट की जा रही है। मारपीट का यह वीडियो स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
एटा के जिलाधिकारी प्रेमरंजन सिंह ने मरीजों के परिवार के साथ डॉक्टरों द्वारा अभद्रता किए जाने का संज्ञान लिया और कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की। पीड़ित पक्ष की लिखित शिकायत पर डॉक्टर मुकेश परमार, डॉक्टर अंकित समेत 10 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई। वहीं डॉक्टरों की ओर से क्रॉस FIR भी दर्ज करवाई गई है।
शुक्रवार दोपहर पंकज गुप्ता अपने पत्रकार साथी ज्ञानेश कुमार के बेटे का इलाज करवाने मेडिकल कॉलेज गए थे। ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर अंकित ने मरीज के परिजनों और तीमारदारों के साथ अभद्रता की। विरोध करने पर डॉक्टर मुकेश परमार आठ-दस अन्य लोगों के साथ मौके पर आए और मारपीट शुरू कर दी।
अलावा, पत्रकार ज्ञानेश कुमार को जातिसूचक गालियां दी गईं, उनका गला दबाया गया और मारपीट की गई। मरीज के परिजनों को भी मारा गया और मासूम बच्चे को अस्पताल से बाहर निकाल दिया गया। आरोप है कि डॉक्टरों ने निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने के नाम पर 10 हजार रुपये की मांग की, जिससे विवाद और बढ़ गया। डॉक्टरों की दबंगई से मरीज, परिजन और पत्रकारों में भारी आक्रोश फैल गया। विवाद इतना बढ़ा कि मौके पर भारी पुलिस बल बुलाना पड़ा। नाराज पत्रकार संगठन डॉक्टरों के रवैये के खिलाफ धरने पर बैठ गए। पुलिस ने अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी।
लिखित शिकायत के आधार पर मारपीट, जानलेवा धमकी और जातिसूचक गालियां देने के आरोप में FIR दर्ज की गई। वहीं, डॉक्टर मुकेश परमार ने पीड़ित के विरुद्ध कोतवाली नगर में मारपीट करने और सरकारी काम में बाधा उत्पन्न करने की लिखित शिकायत दी, जिसके आधार पर क्रॉस FIR दर्ज की गई।
डॉक्टरों के व्यवहार से पत्रकारों में आक्रोश है। जिला प्रशासन ने जांच कर उचित कार्यवाही का आश्वासन दिया है। पुलिस प्रकरण की पड़ताल में जुटी हुई है। अस्पताल के अंदर मरीज के परिजनों और पत्रकारों के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद अब देखना होगा कि आगे प्रशासन और पुलिस द्वारा क्या कदम उठाए जाते हैं।

