बाजार में बिक रहा नकली ORS: सेहत के लिए बेहद खतरनाक
गर्मी के मौसम में बढ़ते तापमान के साथ डिहाइड्रेशन एक गंभीर समस्या बन जाती है। खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों में यह परेशानी ज्यादा देखने को मिलती है। डिहाइड्रेशन के कारण डायरिया, उल्टी, थकावट और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। इस स्थिति से निपटने के लिए डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट्स ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन (ORS) को सबसे प्रभावी उपाय मानते हैं। यह शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी को पूरा करता है।
लेकिन इन दिनों बाजार में नकली ORS पाउच की बिक्री बढ़ने लगी है, जो न केवल बेअसर होते हैं, बल्कि सेहत के लिए भी नुकसानदायक हैं। इसलिए यह सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है कि आप जो ORS खरीद रहे हैं, वह असली हो।
तो चलिए, आज जरूरत की खबर में बात करेंगे कि असली और नकली ORS की पहचान कैसे कर सकते हैं? साथ ही जानेंगे कि-
- नकली ORS का शरीर पर क्या असर होता है?
- ORS खरीदते समय किन बातों का ध्यान रखें?
ORS यानी ओरल रिहाइड्रेशन सॉल्यूशन एक खास तरह का घोल होता है, जिसमें चीनी, नमक और साफ पानी सही अनुपात में मिलाए जाते हैं। यह शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स (जैसे सोडियम और पोटेशियम) की कमी को तेजी से पूरा करता है। डायरिया, उल्टी या हीट स्ट्रोक जैसी स्थितियों में जब शरीर बहुत सारा पानी खो देता है, तब ORS पीना काफी फायदेमंद होता है।
नकली ORS वे पाउडर या ड्रिंक होते हैं, जो दिखने में असली ORS जैसे लगते हैं, लेकिन इनमें जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स (नमक और ग्लूकोज) सही मात्रा में नहीं होते हैं। कई बार ये सिर्फ मीठे ड्रिंक्स होते हैं, जिनमें ज्यादा चीनी और बहुत कम नमक होता है। इन्हें पीने से शरीर को सही पोषण नहीं मिलता है।
नकली ORS शरीर के लिए फायदेमंद नहीं, बल्कि नुकसानदायक हो सकता है। इसके चलते डायरिया या डिहाइड्रेशन की स्थिति और भी गंभीर हो सकती है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों के लिए यह जानलेवा भी हो सकता है।
नकली ORS की पहचान करना बेहद आसान है। सबसे पहले असली ORS पर ‘WHO फॉर्मूला’ लिखा होता है, जो यह बताता है कि यह सही मात्रा में शक्कर और सोडियम का संतुलन बनाए रखता है। इसके अलावा अगर पैकेट पर FSSAI का लोगो है तो वह असली ORS नहीं, बल्कि एक एनर्जी ड्रिंक है। असली ORS दवा के रूप में बिकता है, जबकि नकली ORS को फूड प्रोडक्ट के रूप में बेचा जाता है।
कुछ दुकानदार अनजाने में या अधिक मुनाफे के चक्कर में एनर्जी ड्रिंक्स को ORS बताकर बेच देते हैं। नकली ORS सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। इसलिए जब भी आप ORS खरीदने जाएं कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें, ताकि आप सही और सुरक्षित ORS चुन सकें।
सवाल- घर पर ORS का घोल कैसे बना सकते हैं?
जवाब- घर पर ORS का घोल बनाना बहुत आसान है। इसके लिए आपको बस कुछ साधारण चीजों की जरूरत होती है।
- 1 लीटर साफ पानी
- 6 चम्मच सफेद चीनी (करीब 30 ग्राम)
- 1 चुटकी नमक (करीब 1/2 ग्राम)
बनाने का आसान तरीका:
1. एक साफ बर्तन में 1 लीटर पानी लें।
2. उसमें 6 चम्मच चीनी और 1 चुटकी नमक डालें।
3. अच्छे से मिलाकर घोल तैयार करें।
4. अब इसे तुरंत पिएं, ताकि इसका प्रभाव सही रहे।
ORS का घोल बनाने के बाद उसे तुरंत ही पीना चाहिए क्योंकि समय के साथ इसका प्रभाव कम हो सकता है। सामान्य तौर पर अगर ORS का घोल कमरे के तापमान पर रखा जाए तो यह 24 घंटे तक सुरक्षित रह सकता है।
लेकिन गर्मियों में या अधिक तापमान में ORS का घोल जल्दी खराब हो सकता है, इसलिए इसे ठंडी जगह पर रखें। अगर घोल का रंग, गंध या स्वाद बदल जाए तो उसे तुरंत फेंक देना चाहिए और नया घोल बनाना चाहिए।