बुलंदशहर कलक्ट्रेट गेट पर किसानों की पंचायत
बुलंदशहर में अफसरों की मनमानी के खिलाफ भारतीय किसान यूनियन (राजनैतिक) के बैनर तले बड़ी संख्या में किसान कलक्ट्रेट गेट पर ही बैठ गए। किसानों ने सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार, एमएसपी की मांग, अफसरों की मनामनी, आवारा पशुओं से निजात दिलाने आदि समेत कई मांगों को लेकर कलक्ट्रेट गेट पर पंचायत शुरू कर दी।
किसानों ने कलक्ट्रेट गेट को पूरी तरह लॉक कर दिया। न किसी को अंदर जाने दिया और न ही किसी को बाहर आने दिया। किसानों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों को नहीं सुना जाता है, तब तक किसान गेट पर ही बैठा रहेगा।
समाचार लिखे जाने तक किसान कलेक्ट्रेट गेट पर डटे हुए हैं। भाकियू जिलाध्यक्ष चौधरी अरब सिंह का कहना है कि आज सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। कोई अफसर सुनने को तैयार नहीं है। किसानों की फसलों को आवारा पशुओं द्वारा नष्ट किया जा रहा है। प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।
किसान को फसल का लागत मूल्य तक नहीं मिल रहा है। फसलों को मंडी में दाम नहीं मिला रहा। किसान सब्जी फ्री में फेंक रहा है। इसके अलावा भी कई अन्य मुद्दे हैं, जिन्हें हल करने के लिए किसान आज कलक्ट्रेट गेट पर बैठने को मजबूर है।