गोरखपुर : बिरयानी में निकला काकरोच, रेस्टोरेंट बंद
गोरखपुर में एक रेस्टोरेंट की बिरयानी में कॉकरोच निकलने का वीडियो सामने आया है। यह देखकर वहां मौजूद लोगों ने खाना छोड़ दिया और नाराजगी जताई। जानकारी के मुताबिक, एक युवक अपने परिवार के साथ सिटी मॉल स्थित बारबेक्यू रेस्टोरेंट में बर्थडे पार्टी मना रहा था।
इसी दौरान जब सभी लोग खाना खा रहे थे, तभी उनकी बिरयानी में कॉकरोच दिखाई दिया। यह देखकर टेबल पर बैठे लोग चौंक गए और कई लोगों ने तुरंत खाना छोड़ दिया। नाराज ग्राहकों ने मामले की शिकायत खाद्य विभाग से की।
सूचना मिलते ही खाद्य विभाग की टीम होटल पहुंची और जांच शुरू की। निरीक्षण के दौरान किचन और परिसर में कॉकरोच घूमते हुए भी दिखाई दिए। इसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट को बंद करा दिया। घटना बुधवार शाम की है।
पीपीगंज निवासी सचिन वर्मा के बेटे का बुधवार को जन्मदिन था। बेटे के जन्मदिन के मौके पर सचिन अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों को पार्टी देने के लिए गोरखपुर गए। शाम करीब 4:30 बजे उन्होंने बारबेक्यू नेशन रेस्टोरेंट में बर्थडे सेलिब्रेशन रखा। यहां उनके साथ कुल 20 लोग मौजूद थे, जिसमें 6 लोगों ने वेज और 14 लोगों ने नॉनवेज खाना ऑर्डर किया।
कुछ देर बाद सभी लोग खाना खाने लगे। इसी दौरान सचिन के दोस्त अमरपाल रावत की नॉनवेज बिरयानी में मरा हुआ काकरोच का छोटा बच्चा निकल आया। बिरयानी में काकरोच दिखते ही टेबल पर मौजूद लोगों ने हंगामे करते हुए होटल मैनेजर से शिकायत की।
घटना के बाद लोगों ने रेस्टोरेंट पर लापरवाही का आरोप लगाया। सचिन वर्मा ने कहा- गंदगी और अनहाइजीनिक तरीके से खाना परोसा जा रहा है। हम लोग विश्वास करके खाने आते हैं, लेकिन बिना देखरेख के खाना परोस दिया जा रहा है।
वहीं अमरपाल रावत ने बताया- मैंने पहले एक बार बिरयानी खाई। उसके बाद दोबारा लेकर आया तो देखा कि मेरी प्लेट में काकरोच का छोटा बच्चा मरा हुआ पड़ा है। इसके बाद मैंने बाकी का खाना छोड़ दिया।
इस मामले में रेस्टोरेंट के मैनेजर दिलीप कुमार ने कहा- हम लोग साफ-सफाई का पूरा ध्यान रखते हैं। यह पता नहीं कहां से गलती से आ गया। समझ नहीं आ रहा कि कैसे खाने में कॉकरोच निकल आया।
घटना की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम होटल पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान काकरोच मिले खाने का सैंपल लिया गया। टीम ने किचन का निरीक्षण किया और स्टॉक में रखे खाने-पीने के सामान की एक्सपायरी डेट भी चेक की। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने संदिग्ध नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया है।
सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा डॉ. सुधीर कुमार सिंह ने बताया- जांच के दौरान रेस्टोरेंट में गंदगी भी पाई गई। संचालक को नोटिस जारी करते हुए सभी खामियों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। दोबारा जांच की जाएगी, तब तक के लिए रेस्टोरेंट को बंद रखने के आदेश दिए गए हैं।

