अयोध्या में धमाके से मकान ढहा , मरने वालों में पिता, उसके 3 बच्चे
अयोध्या में राम मंदिर से करीब 25 किमी दूर पूरा कलंदर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम धमाके के बाद एक मकान पूरी तरह ढह गया। धमाके की गूंज एक किमी दूर तक सुनाई दी। मलबा 200 मीटर दूर तक बिखर गया।
मकान के मलबे में दबकर पिता, दो बेटे, एक बेटी और साली की मौत हो गई। पिता के चीथड़े उड़ गए थे। वहीं, पत्नी लापता है।
घटना की जानकारी मिलते ही अधिकारी और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के घरों को खाली कराया और लोगों से घटनास्थल से दूर रहने की अपील की है।
पुलिस ने शवों को मलबे से बाहर निकाल लिया है। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में JCB से मलबा हटाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस घर में धमाका हुआ है, वहां फटा कुकर और सिलेंडर मिला है। एक साल पहले भी गांव में धमाका हुआ था, जिसमें तीन लोगों की मौत हुई थी।
शासन का कहना है- अयोध्या में घटना पटाखा विस्फोट की न होकर LPG सिलेंडर फटने की प्रतीत हो रही है। डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे और जांच की। CM योगी ने पैनी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
बीते 4 दिनों में अयोध्या में दूसरी बार विस्फोट हुआ है। इससे पहले 5 अक्टूबर को बीकापुर कोतवाली से महज 500 मीटर की दूरी पर धमाका हुआ था। धमाके से एक युवक की मौत हो गई थी। जबकि 2 गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
मामला थाना पूरा कलंदर थाना क्षेत्र के पगलाधारी गांव का है। यहां रहने वाले राम कुमार कसौंधन उर्फ पप्पू घर में अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम करता था। गुरुवार शाम करीब 7 बजे अचानक घर में तेज धमाका हुआ। इससे पूरा घर गिर गया। मलबे के नीचे दबकर पांच की मौत हो गई।
मरने वालों में राम कुमार कसौंधन उर्फ पारसनाथ उर्फ पप्पू, उनके 2 बेटे लव (8) और यश, बेटी इशी की मौत हो गई। घर में उनकी साली वंदना थी। उसकी भी मौत हो गई। पत्नी का कुछ पता नहीं चल पा रहा है। वहीं, घर में काम करने वाला एक युवक रामसजीवन घायल हो गया। धमाके की आवाज सुनकर गांव के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद वह घर के मलबे में दबे लोगों को निकालने की कोशिश में जुट गए।
डीएम निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉक्टर गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी और सीओ अयोध्या मौके पर पहुंचे। धमाके की सूचना पर 5 थानों की पुलिस पहुंची है। पुलिस ने मलबे से पांच डेडबॉडी को बाहर निकाला। अन्य लोगों के दबे होने की आशंका में जेसीबी से मलबा हटाया गया। मगर कोई नहीं मिला।
जिला अस्पताल की इमरजेंसी में डॉक्टर ने बताया, सभी को बर्न इंजरी थी। 108 एम्बुलेंस चालक ने अजय कुमार ने बताया, मुझे 7.28 बजे विस्फोट होने की सूचना मिली थी। जब लोगों को मलबे से निकाला गया, तब सांसें चल रहीं थीं। मगर, यहां डॉक्टर ने सभी को मृत घोषित कर दिया। हम दो गाड़ियों से पांच लोगों को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
DM निखिल टीकाराम ने बताया, सवा सात बजे विस्फोट की सूचना मिली थी। हम लोग पहुंचे। रेस्क्यू कर मलबा हटा लिया गया है। 5 लोगों की पुष्टि अस्पताल में की गई है। विस्फोट क्यों हुआ, इसकी जांच की जा रही है। फारेंसिक टीम ने जांच की है। प्रथम दृष्टया लग रहा है किचन में विस्फोट हुआ है। क्योंकि बर्तन सब डैमेज अवस्था में मिले हैं। मगर फिर जांच की जा रही है।
SSP डॉ. गौरव ग्रोवर ने बताया, पप्पू गुप्ता ने एक-दो साल से गांव के बाहर मकान बना लिया था। वह पूरे परिवार के साथ यहीं रहता था। उसके मकान के आसपास कोई घर नहीं था। राजस्वकर्मी परिवार के बारे में जानकारी कर रहे हैं। विस्फोट को लेकर जांच की जा रही है।