ईरान बोला- अमेरिकी जंगी जहाज अब्राहम लिंकन पर मिसाइल दागी:इलाका छोड़कर भागा
ईरान ने दावा किया है कि उसने अमेरिका के जंगी जहाज एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन पर मिसाइल हमला किया, जिसके बाद उसे इलाका छोड़कर पोजिशन बदलनी पड़ी।
ईरानी सेना के मुताबिक, नौसेना ने कादेर क्रूज मिसाइलों से कैरियर को निशाना बनाया। इस हमले के बाद अमेरिकी बेड़े को अपनी स्थिति बदलनी पड़ी।
ईरानी नौसेना प्रमुख शहराम ईरानी ने कहा कि अमेरिकी कैरियर स्ट्राइक ग्रुप की हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जैसे ही यह बेड़ा मिसाइल रेंज में आएगा, उस पर और भी शक्तिशाली हमले किए जाएंगे।
हालांकि, इस दावे की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है और अमेरिका की ओर से इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
ईरान में हमलों का असर…
अब तक करीब 1,500 लोगों की मौत, 18,551 घायल।
मरने वालों में 8 महीने के बच्चे से लेकर 88 साल तक के बुजुर्ग।
जंग में अब तक करीब 200 महिलाओं की मौत हुई।
28 फरवरी को स्कूल पर हमले में 168 बच्चों की मौत हुई।
जंग में 55 हेल्थ वर्कर्स घायल, जिनमें 11 की मौत।
ईरान में सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 39 लोगों को गिरफ्तार किया है। खुफिया मंत्रालय के मुताबिक, राजधानी तेहरान में की गई इस कार्रवाई के दौरान हथियारों के साथ-साथ स्टारलिंक के कम से कम 7 डिवाइस भी जब्त किए गए हैं।
अधिकारियों ने बताया कि छापेमारी में 49 देसी बम, 2 कलाश्निकोव राइफल, 16 पिस्तौल, 50 मैगजीन और 1,500 से ज्यादा गोलियां बरामद हुई हैं। ईरानी प्रशासन का कहना है कि ये लोग देश की सुरक्षा को नुकसान पहुंचाने वाली गतिविधियों में शामिल थे

