जौनपुर : बेटी के प्रेमी की दिनदहाड़े हत्या, डी फार्मा छात्र का 10 किमी पीछा किया
जौनपुर में अफेयर में 22 साल के डी फार्मा छात्र की दिनदहाड़े हत्या कर दी गई। वारदात को लड़की के 45 साल के पिता ने अंजाम दिया। आरोपी ने छात्र का घर से 10 किमी तक पीछा किया। फिर सुनसान जगह पर ओवरटेक करके उसकी बाइक रोक ली।
छात्र जब तक कुछ समझ पाता, इससे पहले लड़की के पिता ने उसके गले में ताबड़तोड़ 4 बार चाकू मारे। छात्र खून से लथपथ होकर वहीं गिर गया। इसके बाद आरोपी बाइक लेकर भाग निकला। वारदात जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर समाधगंज कुरनी पंचायत भवन के सामने बुधवार सुबह की है।
ASP ग्रामीण आतिश कुमार सिंह ने बताया कि मृतक छात्र का नाम अनुज यादव, आरोपी का नाम मनोज यादव है। दोनों पड़ोसी हैं। बेटी से अफेयर होने के चलते पिता ने छात्र की हत्या को अंजाम दिया है।
ASP ने बताया अनुज यादव पुत्र भोला यादव थाना मछलीशहर के जमालपुर गांव में रहता था। वह प्रसाद इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नॉलॉजी कॉलेज से डी फार्मा सेकेंड ईयर का छात्र था। उसका बुधवार सुबह 8 बजे से एग्जाम था। कॉलेज से घर की दूरी करीब 35 किमी है। इसलिए वह सुबह 5.45 बजे घर से बाइक लेकर कॉलेज के लिए निकला था।
अनुज के ही पड़ोसी मनोज यादव ने उसका घर से ही पीछा करना शुरू कर दिया। 10 किमी दूर सुनसान जगह पर मनोज ने ओवरटेक करते हुए अपनी बाइक अनुज की बाइक के आगे लगा दी। हड़बड़ाकर अनुज रुक गया।