Politics

जौनपुर : सपा प्रत्याशी का विरोध, बाबू सिंह कुशवाहा वापस जाओ के लगे नारे

जौनपुर लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी बाबू सिंह कुशवाहा को मुंगराबादशाहपुर में विरोध का सामना करना पड़ा। सोमवार को मुंगराबादशाहपुर में उनका काफिला पहुंचा तो कुछ युवक बाबू सिंह कुशवाहा की गाड़ी के सामने आकर प्रदर्शन करने लगे। युवकों ने कहा- बाहरी प्रत्याशी नहीं चलेगा। बाबू कुशवाहा वापस जाओ।

तभी काफिले में आगे में चल रहे मुंगराबादशाहपुर के विधायक पंकज सिंह पटेल युवकों के पास पहुंचे और थप्पड़ मार दिए। प्रदर्शनकारियों से धक्का-मुक्की करने लगे। विधायक को गनर ने प्रदर्शनकारियों के बीच से हटाया। इसका एक वीडियो भी सामने भी आया है।

वहीं सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव के कन्नौज से लोकसभा चुनाव लड़ने की अटकलों पर विराम लग गया है। कन्नौज से अब तेज प्रताप यादव चुनाव लड़ेंगे। वहीं, बलिया सीट से सपा ने सनातन पांडेय को टिकट दिया है। सपा ने सोमवार का दो प्रत्याशियों का ऐलान किया।

तेज प्रताप मैनपुरी से पूर्व सांसद हैं। वह अखिलेश के भतीजे और बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के दामाद हैं। लालू की बेटी राजलक्ष्मी से 2015 में तेज प्रताप की शादी हुई थी। इसमें पीएम मोदी भी शामिल हुए थे। तेज प्रताप का नाम पहले बदायूं सीट से चल रहा था। हालांकि, बाद में वहां से शिवपाल यादव के बेटे आदित्य को उतार दिया।

कन्नौज से तेज प्रताप का मुकाबला भाजपा के मौजूदा सांसद और प्रत्याशी सुब्रत पाठक से है। तेज प्रताप के चुनावी मैदान में उतरने के साथ ही अब अखिलेश के परिवार के 5 सदस्य इस बार चुनावी मैदान में हैं। इसमें आदित्य यादव, डिंपल यादव, धर्मेंद्र यादव, अक्षय यादव और तेज प्रताप हैं।

वहीं, बलिया सीट से ब्राह्मण चेहरा सनातन पांडेय को टिकट दिया है। वह 2007 में चिलकहर से विधायक रह चुके हैं। भाजपा ने यहां से पूर्व पीएम चंद्रशेखर के बेटे नीरज शेखर को टिकट दिया है।

इसके अलावा, अयोध्या की गोसाइगंज सीट से सपा विधायक अभय सिंह की पत्नी सरिता सिंह ने सोमवार को भाजपा जॉइन कर ली। सरिता सिंह अपने ससुर भगवान बक्श सिंह के साथ लखनऊ में भाजपा कार्यालय पहुंचीं। यहां डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने उनको भाजपा में शामिल कराया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *