कानपुर : महिलाओं को बंधक बनाकर डकैती: परिचित बनकर घर में घुसे थे लुटेरे, भतीजे ने रची थी साजिश
कानपुर के बिल्हौर में रहीमपुर करीमपुर गांव में हुई डकैती का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने एक महिला समेत 6 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सोमवार देर रात परिचित बनकर घर में घुसकर महिला, उसकी वृद्ध सास और बेटी को बंधक बनाया था। इस गैंग की सरगना महिला थी।
बदमाशों ने सोने के 9 जोड़े बाले, 2 जंजीर, 6 अंगूठी, 4 चूड़ी, चांदी की 3 जोड़ी पायल, एक कमर पेटी, 14 चांदी के रुपए, 3 मोबाइल और 7 हजार रुपए लूट लिए थे।
परिवार कर रहा था सोने की तैयारी, तभी बदमाश आ धमके
रहीमपुर करीमपुर गांव निवासी सोनम कटियार पति विपिन कुमार कटियार की मौत के बाद बेटी पलक और सास श्यामकली के साथ रहती हैं। 5 मई की रात जब वह लोग सोने की तैयारी कर रही थे। तभी मुख्य द्वार पर आई एक महिला और एक युवक अपने आपको परिचित बताकर घर में दाखिल हुए थे। इसके बाद पीछे से 4 बदमाश घर में और घुस आए थे। सभी ने वृद्धा उनकी बहू और नातिन को बंधक बनाने के बाद धमकाकर अलमारी और बक्से की चाबी ले ली थी और ताले खोलकर उसमें रखें सोने के बाले, जंजीर, छह अंगूठी, चार चूड़ी, तीन जोड़ी चांदी की पायल, कमर पेटी, चांदी के रुपए, तीन मोबाइल और सात हजार रुपए लूट कर फरार हो गए थे। घटना के बाद पड़ोसी ने फोन काल कर पुलिस को मामले की सूचना दी थी।
बदमाशों के पास से पुलिस ने डकैती में लूटा गया माल भी बरामद कर लिया। पकड़े गए बदमाशों पर पहले से भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद सभी अभियुक्तों को जेल भेज दिया गया। वहीं डीसीपी दिनेश त्रिपाठी बदमाशों को गिरफ्तार करने वाली टीम को बीस हजार रुपए पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की।
पकड़े गए बदमाशों में अलीगढ़ की गिरिजा उर्फ गुनगुन चौधरी, राजू यादव उर्फ रविंद्र सिंह, बुलंदशहर के राजा उर्फ यशपाल, रिंकू यादव उर्फ चीता, इटावा के अंकुर उर्फ प्रवीण और बिल्हौर के पियूष कटियार शामिल हैं। डीसीपी दिनेश त्रिपाठी ने बताया पियूष कटियार पीड़ित परिवार का रिश्ते में भतीजा लगता है। इसी ने लूट की साजिश रची थी। डीसीपी ने बताया कि भतीजा कर्ज में डूबा था। इसलिए उसी ने इन लुटेरों से मिलकर लूट की साजिश रची थी।
पुलिस ने सभी आरोपियों से लूटा गया माल बरामद कर लिया है। सभी बदमाशों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ के बाद सभी को जेल भेज दिया गया है।