google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Crime News

मेरठ : ऑनलाइन गेमिंग की लत ने युवक की जान ले ली

मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में ऑनलाइन गेमिंग की लत ने एक युवक की जान ले ली. ऑनलाइन गेम खेलते वक्त 22 वर्षीय मोहम्मद कैफ की मौत ब्रेन हेमरेज से हो गई. पिता के मुताबिक गेम खेलते समय ब्लड प्रेशर के अचानक बढ़ने से हुई दिमाग की नस फटने से मौत हुई. हालांकि परिवार ने पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया है. पूरा मामला देहली गेट थाना क्षेत्र के खैरनगर गूलर इलाके का है.

पिता के मुताबिक शुक्रवार रात मोहम्मद कैफ अपने दोनों कानों में हेडफोन लगाकर मोबाइल पर ऑनलाइन गेम खेल रहा था. देर रात अचानक उसका ब्लड प्रेशर 300 से ऊपर पहुंच गया, जिससे दिमाग की नस फट गई. वह बेहोश होकर बिस्तर पर गिर पड़ा. परिवारवालों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. वहां दो दिन इलाज के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई.

कुछ महीनों से मोबाइल का लती हो गया था कैफ

कैफ के पिता मोहम्मद फारूक, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं, ने बताया कि बेटा पिछले कुछ महीनों से मोबाइल गेमिंग में बहुत ज्यादा समय बिताने लगा था. रात-रात भर गेम खेलता रहता था. इससे पहले वह सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर अपलोड करता था, लेकिन अब गेमिंग उसकी आदत बन चुकी थी. परिवार ने गेम के बारे में ज्यादा जानकारी देने से इनकार कर दिया.

डॉक्टरों के अनुसार, लंबे समय तक गेम खेलने से तनाव, नींद की कमी और अचानक उत्साह या फ्रस्ट्रेशन के कारण ब्लड प्रेशर तेजी से बढ़ सकता है. खासकर उन लोगों में जो पहले से हाई ब्लड प्रेशर या अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से ग्रस्त हों. इस मामले में कैफ को 10 साल से हाई बीपी की समस्या थी, जो गेमिंग के दौरान और खराब हो गई. यह घटना ऑनलाइन गेमिंग की लत के खतरों को फिर से उजागर करती है. विशेषज्ञों का कहना है कि युवाओं को गेमिंग के साथ-साथ शारीरिक गतिविधि, पर्याप्त नींद और परिवार के साथ समय बिताने पर ध्यान देना चाहिए. अत्यधिक स्क्रीन टाइम से आंखों की कमजोरी, मानसिक तनाव और गंभीर स्वास्थ्य जोखिम बढ़ सकते हैं. परिवार इस दुखद घटना से सदमे में है. कैफ घर का इकलौता बेटा था.

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *