मुजफ्फरनगर : लड़की से बीच सड़क छेड़छाड़, पुलिस ने 2 घंटे में आरोपी को पकड़ा
मुजफ्फरनगर में एक युवक ने सरेराह लड़की से छेड़छाड़ की। उसका रास्ता रोका, कमेंट किया। लड़की ने बचकर भागने की कोशिश की, तो युवक फोन पर बात करते हुए उसका पीछा करने लगा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।
लड़की किसी तरह युवक से बचकर अपने घर पहुंची। वीडियो सामने आने के 2 घंटे के अंदर ही पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंगड़ाते हुए पुलिस की जीप से नीचे उतरा। अपनी गलती की माफी मांगी। मामला नई मंडी थाना क्षेत्र का है।
एक लड़की बाजार से लौट रही थी। इसी दौरान एक युवक पैदल चलते हुए उसके पास आया और लड़की के सामने खड़ा हो गया। उससे जबरन बात करने लगा। लड़की उससे बचने की कोशिश करती रही। युवक बार-बार लड़की का रास्ता रोकता रहा। वह लड़की पर जबरन बात करने का दबाव बना रहा था, लेकिन लड़की विरोध करती रही।
इस बीच किसी तरह लड़की वहां से बचकर भागी, तो युवक उसका पीछा करने लगा। आसपास के लोगों ने टोका तो वह रुक गया। इस पूरी घटना का वहां मौजूद किसी शख्स ने वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी युवक रोहित थाना भोपा क्षेत्र के जौली गांव का रहने वाला है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस जब उसे मेडिकल के लिए अस्पताल लेकर पहुंची, तो वह जीप से लंगड़ाते हुए उतरते दिखाई दिया। दो पुलिसकर्मी उसे कंधे का सहारा देकर ले जाते दिखाई दिए।
सोशल मीडिया पर लोगों ने पुलिस की इस तेज और सख्त कार्रवाई की सराहना की। कहा, यह कार्रवाई महिला सुरक्षा के लिए पुलिस की गंभीरता को दिखाती है। समाज में एक सकारात्मक संदेश भेजती है। पुलिस के इस कदम से अन्य अपराधियों को भी संदेश मिला है कि महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों को कड़ी सजा मिलेगी।
सीओ रुपाली राव ने बताया- सोशल मीडिया पर एक वीडियो दिखा। जिसमें एक युवक युवती के साथ छेड़छाड़ करते दिखाई दे रहा है। थाना नई मंडी पुलिस ने वीडियो के आधार पर केस दर्ज कर आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया है।