google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Dailynews

यूपी में गंगा दशहरा पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद सूर्य को अर्घ दिया।

गंगा दशहरा पर आज सुबह से वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या सहित प्रदेश में कई जगह घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी है। स्नान, पूजा और दान का सिलसिला चल रहा है। प्रयागराज में संगम पर हजारों श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद सूर्य को अर्घ दिया। काशी में भी गंगा घाटों पर लाखों श्रद्धालु पहुंचे हैं।

अस्सी घाट पर मां गंगा को 1100 मीटर की चुनरी चढ़ाई गई। बागपत में दो छात्रों, बदायूं में एक युवक, कानपुर में तीन, फर्रुखाबाद में दो और फिरोजाबाद में एक की नहाते समय डूबने से मौत हो गई।

देर रात से ही श्रद्धालु गंगा तट पर पहुंचने लगे थे। सुबह से ही लोग मां गंगा में डुबकी लगाकर दान पुण्य कर आस्था में सराबोर नजर आ रहे हैं। आज शाम काशी में विशेष गंगा आरती होगी। घाटों पर दीप सजाए जाएंगे।

दशमी तिथि 4 जून की रात 11:55 बजे से लगकर 6 जून की रात 2:14 बजे तक है। ऐसे में उदया तिथि के अनुसार गंगा दशहरा आज 5 जून को मनाया जा रहा है। छोटी काशी कहे जाने वाले बुलंदशहर के अनूपशहर समेत आहार, भगवानपुर, कर्णवास, राजघाट, नरौरा और रामघाट जैसे प्रमुख गंगा घाटों पर सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। भीषण गर्मी से राहत पाने और पुण्य अर्जित करने के लिए श्रद्धालु देर तक गंगा स्नान कर रहे। प्रशासन ने घाटों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं, जिससे सभी जगह स्नान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

कानपुर के बिल्हौर के कल्लू पुरवा गांव के निवासी 10 वर्षीय प्रियंका गंगा स्नान कर रही थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई। उसे बचाने के लिए उसके मामा बलराम और मामा का साला संदीप भी पानी में कूद गए। तीनों ही गहरे पानी में चले गए और डूब गए। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने तीनों को पानी से बाहर निकाला। उन्हें तुरंत सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। बलराम कानपुर देहात के शिवली थाना क्षेत्र के औंगी गांव का रहने वाले थे। उसकी शादी कोमल से तीन महीने पहले 18 फरवरी को हुई थी। बुधवार को वह पत्नी उसके भाई संदीप और पिता रामविलास के साथ अपने बहन बहनोई के घर कल्लू पुरवा गांव में भांजी कृष्ण के मुंडन संस्कार कार्यक्रम में शामिल होने आए थे।

गंगा दशहरा पर फिरोजाबाद के गुदाऊ की शाला के पास यमुना में नहाते समय किशोर की डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों ने किसी तरह किशोर को बाहर निकाला और ट्रॉमा सेंटर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने यमुना घाट पर तैनात पुलिसकर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिजनों ने शव को सर्विस रोड पर रखकर जाम लगाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

फर्रुखाबाद के सिनौली गांव स्थित गंगा घाट पर गंगा दशहरा के दिन स्नान करने गए दो दोस्त गहरे पानी में डूब गए। उन्हें बचाने गया तीसरा साथी तो किसी तरह बच गया, लेकिन दोनों युवकों को ग्रामीणों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद बाहर निकाला। तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दोनों दोस्त सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे।

बागपत के सिनौली घाट पर गंगा स्नान कर रहे बीएससी के दो छात्रों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर जुटे ग्रामीणों ने दोनों के शव बाहर निकाले। सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम भी घाट पर पहुंची। वहीं बदायूं में भी रामगंगा नदी में नहाते समय एक युवक की डूबने से मौत हो गई।

अमरोहा के गजरौला स्थित ब्रजघाट गंगा धाम और तिगरी गंगा धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ है। दो लाख से अधिक श्रद्धालु अब तक आस्था की डुबकी लगा चुके हैं। गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद है।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *