google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Religion

रामलला को 11 दिन में मिला 10 करोड़ का दान, 3.50 करोड़ ऑनलाइन मिले

अयोध्या राम मंदिर में रामलला के विराजमान हुए 11 दिन हो गए हैं। अब तक 25 लाख श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। इसके अलावा औसतन हर दिन एक करोड़ रुपए चढ़ावा चढ़ाया जा रहा है।

रामलला को अब तक करीब 10 करोड़ रुपए चढ़ावा आया है। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुताबिक, पिछले 11 दिनों में दान पेटियों में करीब 6.5 करोड़ रुपए जमा हुए हैं और करीब 3.50 करोड़ ऑनलाइन मिले हैं। इसमें पहले दिन मिला 3.17 करोड़ का चढ़ावा भी शामिल है।

रामलला की प्राण प्रतिष्ठा समारोह में 22 जनवरी को मुकेश अंबानी, पत्नी नीता अंबानी, बेटी ईशा और दामाद आनंद पीरामल के साथ पहुंचे थे। ट्रस्ट के सूत्रों के मुताबिक, अंबानी ने 2 करोड़ से अधिक की धनराशि दान दी। वहीं, हीरा कारोबारी दिलीप कुमार लाखी ने 101 किलो सोने का दान किया है। इसकी कीमत 68 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। इस सोने से दरवाजे, त्रिशूल और डमरू बनाए गए हैं।

पटना के महावीर मंदिर की ओर से राम मंदिर के लिए 10 करोड़ रुपए दान में दिया गया है। महावीर मंदिर ट्रस्ट ने साल 2020, 2021, 2022, 2023 और 2024 में राम मंदिर के लिए हर साल 2-2 करोड़ रुपए दान दिया है। यह किसी धार्मिक संस्था की ओर से दिया गया सबसे बड़ा दान है। महावीर मंदिर ने रामलला को सोने युक्त धनुष और बाण भी दान दिया है।

इसी तरह सूरत के कारोबारी मुकेश पटेल ने भगवान राम की मूर्ति के लिए 11 करोड़ रुपए का स्वर्ण मुकुट उपहार में दिया है। यह कीमती पत्थरों से जड़ा हुआ है। इसका वजन 6 किलो है। इसमें 5 किलो सोना है, जबकि हीरा और अन्य कीमती पत्थर जड़े हुए हैं।

राममंदिर निर्माण के दौरान ट्रस्ट की ओर से 2022 में 45 दिनों का निधि समर्पण अभियान चलाया गया था। उस वक्त देश के करीब 13 करोड़ परिवारों ने दान दिया था। श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के कार्यालय प्रभारी प्रकाश गुप्ता ने बताया कि इस अभियान में 10, 100, 1000 रुपए की रसीदों के जरिए भक्तों ने दान दिया था। तब से लेकर अब तक साढ़े 3 हजार करोड़ रुपए का दान आ चुका है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *