BJP नेत्री के फ्लैट में सेक्स-रैकेट, 9 लड़कियां पकड़ी गईं
वाराणसी में भाजपा नेत्री शालिनी यादव के फ्लैट से सेक्स रैकेट पकड़ा गया। सोमवार रात पुलिस ने छापेमारी कर 9 लड़कियों और 4 लड़कों को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि यहां स्पा सेंटर के नाम पर जिस्मफरोशी हो रही थी। ये फ्लैट शालिनी के पति अरुण यादव के नाम पर है। उन्होंने इसे किराए पर दे रखा था।
शालिनी यादव काशी में कांग्रेस से मेयर और सपा के टिकट पर पीएम मोदी के खिलाफ लोकसभा चुनाव लड़ चुकी हैं। हालांकि, इसके बाद वो भाजपा में शामिल हो गई थीं।
पुलिस ने फ्लैट से आपत्तिजनक सामान, रजिस्टर और मोबाइल बरामद किए हैं। उनकी जांच की जा रही है। फ्लैट सिगरा के वाराणसी विकास प्राधिकरण के शक्ति शिखा अपार्टमेंट में है। इसका नंबर-112 है। पुलिस ने बताया कि देर रात फ्लैट में सेक्स रैकेट चलाए जाने की सूचना मिली थी।
इसके बाद पुलिस और SOG टीम ने स्पा सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि स्पा सेंटर में लड़कियां आसपास के जिलों से बुलाई जाती थीं। सिगरा के अलावा पुलिस ने महमूरगंज, भेलूपुर और कैंट क्षेत्र में भी कई स्पा सेंटर्स पर छापेमारी की। शालिनी यादव ने कांग्रेस के टिकट पर 2017 में मेयर चुनाव लड़ा था। उन्हें 113345 वोट मिले थे। वह दूसरे नंबर पर रही थीं। इसके बाद 2019 में वह सपा में शामिल हो गई थीं। सपा के टिकट पर उन्होंने मोदी के खिलाफ 2019 में लोकसभा चुनाव लड़ा। वो करीब दो लाख वोट पाकर दूसरे नंबर पर रहीं थीं।
24 जुलाई 2023 को शालिनी यादव ने भाजपा ज्वाइन की थी। शालिनी के साथ सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष पीयूष यादव ने भी भाजपा की सदस्यता ली थी। हालांकि, शालिनी अभी भाजपा में किसी पद पर नहीं थीं। वह पेशे से फैशन डिजाइनर हैं।
शालिनी को राजनीति में एंट्री अपने ससुर कांग्रेस नेता और केंद्रीय मंत्री रहे श्याम लाल यादव से मिली। गाजीपुर की रहने वाली शालिनी यादव की शादी श्यामलाल यादव के छोटे बेटे अरुण से हुई है। BHU से BA ऑनर्स करने के बाद शालिनी ने फैशन डिजाइनिंग में डिप्लोमा किया था।

