यूपी : कल से बारिश-ओले का अलर्ट, ठंडी हवाएं चलेंगी
यूपी में मौसम फिर बिगड़ने वाला है। पिछले हफ्ते शुरू हुआ आंधी-बारिश का दौर मार्च के अंत तक जारी रहेगा। मौसम विभाग ने पूरे प्रदेश में 26 से 30 मार्च के बीच दो अलग-अलग वेदर सिस्टम की संभावना जताई है। इससे गरज-चमक के साथ बारिश होगी। कहीं-कहीं ओले गिर सकते हैं। ठंडी हवाएं चलेंगी। तापमान में 4°C से 5°C की गिरावट आएगी।
हालांकि, आज मौसम साफ रह सकता है। 2 दिन से प्रदेश में कहीं-कहीं मामूली बारिश ही हुई है। इससे तापमान में 3°C से 5°C की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे की बात करें तो प्रयागराज सबसे गर्म रहा, यहां अधिकतम तापमान 35.6°C रहा। सबसे कम तापमान बिजनौर में 14.5°C रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग का कहना है कि उत्तराखंड के पहाड़ों पर मौसम लगातार बदल रहा है। अगले 2 से 3 दिन बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। इसका सीधा असर यूपी में दिखेगा। पहाड़ों से आने वाली ठंडी हवाएं ठंड का एहसास कराएंगी।
पिछलों दिनों हुई बारिश और ओलावृष्टि से जिन किसानों की फसलों को नुकसान हुआ है, उनके लिए राहत की खबर है। सरकार के मुताबिक, कटाई के 14 दिनों के भीतर अगर फसल खराब होती है तो किसान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमा क्लेम कर सकते हैं। जिला प्रशासन प्राकृतिक आपदा से फसल नुकसान का सर्वे कर रिपोर्ट देगा, जिसके आधार पर यूपी सरकार मुआवजा देने का फैसला कर सकती है।

