यूपी में मौसम बदला, 5 शहरों में तेज बारिश, 50 जिलों में अलर्ट
यूपी में मौसम अचानक एक बार फिर बदल गया। गुरुवार सुबह लखनऊ, सोनभद्र, उन्नाव समेत 5 शहरों में बारिश हुई। सोनभद्र में इतनी बारिश हुई कि सड़कों पर पानी भर गया। पूर्वांचल के ज्यादातर जिलों में बादल छाए हैं। लखनऊ में सुबह से ठंडी हवाएं चल रहीं हैं।
मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 50 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 24 घंटे की बात करें तो प्रदेश में बांदा सबसे गर्म शहर रहा। यहां का तापमान 42.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
इसके अलावा, कानपुर, गाजियाबाद, मिर्जापुर, रामपुर, नोएडा और फर्रुखाबाद में बारिश हुई। सबसे ज्यादा बारिश नोएडा में हुई, जहां 2 मिमी पानी बरसा। वहीं, मिर्जापुर में तेज बारिश के दौरान 8 लोगों पर बिजली गिर गई। इसमें 2 सगी बहनों की मौत हो गई। लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा- 31 मई तक मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
मौसम विज्ञानी अतुल सिंह ने बताया कि अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो उत्तर की ओर बढ़ रहा है। इसी वजह से यूपी में बारिश हो रही है। उन्होंने कहा- नौतपा का आज 5वां दिन है। अब तक यूपी के किसी भी शहर में हीटवेव नहीं चली है। आगे भी ऐसा रहने का अनुमान है।
अगले 3 दिन का मौसम पूर्वानुमान
- 29 मई – पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहेंगे। कुछ स्थानों पर तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है।
- 30 मई – पूरे उत्तर प्रदेश में बारिश की संभावना है। दिनभर बादल छाए रहेंगे। 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
- 31 मई – पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने जानकारी दी है कि इस मानसून में जून से सितंबर के दौरान चार माह में पूर्वी यूपी में सामान्य से 10 प्रतिशत और पश्चिमी यूपी में सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक बारिश की संभावना है। जून माह में देश भर में सामान्य से 8 प्रतिशत अधिक बारिश होगी। इस बार यूपी में मानसून 18 जून तक एक्टिव हो जाएगा।