शाहजहांपुर मेडिकल कॉलेज के बाथरूम में महिला से रेप
शाहजहांपुर के मेडिकल कॉलेज में महिला के साथ सफाईकर्मी ने रेप किया। महिला ने खुद को किसी तरह से आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। भागते हुए मेडिकल कॉलेज में बनी पुलिस चौकी पर पहुंची और आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस अलर्ट हो गई। आनन-फानन में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, महिला का देवर 3 दिन से पुरुष मेडिसिन वार्ड में एडमिट है। उसे यूरिन संबधित बीमारी है। महिला उसकी देखभाल करने के लिए रुकी हुई थी। आरोपी ने महिला को सही से इलाज दिलाने के नाम पर जाल में फंसाया। उसे डॉक्टर के पास ले जाने की बात कहकर स्टाफ बाथरूम में ले गया। वहां उसके साथ दरिंदगी की। पुलिस-फोरेंसिक टीम ने अस्पताल पहुंचकर सबूत जुटाए।
पीड़िता ने बताया, ‘मेरे देवर को आराम नहीं मिल रहा था। आरोपी सफाईकर्मी जयशंकर हमारे ही क्षेत्र का रहने वाला है। मैं उसको पहले से जानती थी। जान पहचान होने का कारण सोमवार सुबह करीब 7 बजे मैंने उससे कहा था कि किसी अच्छे डॉक्टर को बुलाकर भइया को दिखवा दो। इस पर उसने साथ चलने के लिए कहा।
मैं उसके साथ जाने लगी तो बीच में पड़ने वाले स्टाफ शौचालय में मुझे घसीटकर बंद कर दिया और रेप किया। किसी तरह से मैं उसके चंगुल से छूटकर भागी और शोर मचाया। इसके बाद भागकर मेडिकल कॉलेज में बनी पुलिस चौकी पर पहुंची। वहां पुलिस को घटना की जानकारी दी।’ पीड़ित के पति ने बताया, ‘मैं बाहर रहकर मेहनत मजदूरी करता है। मेरा 5 साल एक बेटा है। मेरा भाई बीमार है। वह अस्पताल में भर्ती है। मेरी पत्नी उसकी देखभाल करती है। मैं रात में अपने घर पर था। सुबह जब वह अस्पताल आया तो पत्नी पुलिस चौकी में थी, फिर उसने घटना की जानकारी दी।’ राजकीय मेडिकल कालेज के प्राचार्य डॉक्टर राजेश कुमार ने बताया कि घटना संज्ञान में आई है। आरोपी सन फैसिलिटी फर्म की तरफ से काम करता है। उसकी ड्यूटी पुरूष मेडिसिन वार्ड में रहती है। आरोपी के खिलाफ संबधित फर्म को लिखकर कार्रवाई के लिए कहा जाएगा। इसके अलावा, पुलिस आरोपी के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।
थाना प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी हुई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। पीड़िता का मेडिकल टेस्ट कराया जाएगा।

