बुलंदशहर : बसपा पूर्व जिलाध्यक्ष के स्टोर पर फर्जी अफसरों की रेड
बुलंदशहर में बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष प्यारे लाल जाटव के प्रतिष्ठान पर फर्जी खाद्य अधिकारियों ने छापा मारा। आईकार्ड मांगने पर उनकी पोल खुल गई, जिसके बाद लोगों ने उन्हें पकड़कर जमकर पिटाई की और फिर पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना आज दोपहर करीब 3 बजे यमुनापुरम स्थित प्यारे लाल जाटव के डिपार्टमेंटल स्टोर पर हुई। दो व्यक्ति एक गाड़ी से आए और खुद को खाद्य विभाग का अधिकारी बताते हुए स्टोर की जांच शुरू कर दी।
उनकी बातचीत और व्यवहार से पूर्व जिलाध्यक्ष प्यारे लाल जाटव को शक हुआ। उन्होंने दोनों से उनके पहचान पत्र (आईकार्ड) दिखाने को कहा। आईकार्ड मांगते ही दोनों फर्जी अधिकारी घबरा गए और वहां से भागने का प्रयास करने लगे। भागने की कोशिश करते देख, वहां मौजूद लोगों ने उन्हें दबोच लिया। इसके बाद लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई की। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों फर्जी अधिकारियों को हिरासत में ले लिया। सीओ सिटी प्रखर पांडेय ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

