Dailynews

दरोगा ने 14 सेकेंड में फौजी को मारे 6 मुक्के, आर्मी का नाम सुनते ही गालियां दीं

मथुरा में एक दरोगा ने फौजी के साथ जमकर मारपीट की। दरोगा ने फौजी के चेहरे पर 14 सेकेंड में 6 मुक्के मारे। फौजी BSF में तैनात अपने दोस्त से मिलने उसके घर गए थे। तभी वहां पुलिस पहुंच गई। दरोगा BSF जवान को गालियां देने लगा। उसके साथ अभद्रता की।

फौजी ने जब दरोगा से कहा कि मैं इंडियन आर्मी में हूं। यह सुनते ही दरोगा ने गालियां देनी शुरू कर दीं। घर के अंदर फौजी को जमकर पीटा। मारपीट की घटना घर में लगे CCTV में कैद हो गई। पीड़ित फौजी राजपूत रेजिमेंट में हैं। घटना रविवार की है, लेकिन वीडियो आज सामने आया है। फौजी ने पूरे मामले की एसएसपी से शिकायत की है। एसएसपी ने सीओ को जांच सौंपी है। घटना जैंत थाना क्षेत्र की है।

बीकानेर में तैनात है फौजी, 100 मीटर दूर रहता है दोस्त जैंत के आझई खुर्द में रहने वाले राधाचरण फौजी हैं। वह राजपूत रेजीमेंट में सिपाही हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती बीकानेर में है। राधाचरण ने बताया- मैं इन दिनों छुट्टी पर घर आया हूं। रविवार सुबह 11 बजे मैं अपने दोस्त महेश कुमार से मिलने उनके घर गया था।

वह मेरे घर से 100 मीटर की दूरी पर रहते हैं। महेश बीएसएफ की 200वीं बाटलियन में तैनात हैं। उनकी तैनाती मणिपुर में है। राधाचरण ने बताया कि घर के अंदर मैं और मेरा दोस्त बात कर रहे थे। तभी आझई चौकी प्रभारी मनोज भाटी पुलिस फोर्स के साथ घर पहुंच गए। फौजी ने बताया- किसी पुराने मामले का हवाला देते हुए दरोगा मेरे दोस्त महेश को हिरासत में लेने लगा। उन्हें गालियां देने लगा। इसी दौरान मैंने कहा कि महेश की गोद में उनका 5 महीने का मासूम बच्चा है। इसे मैं ले लेता हूं, तब आगे कार्रवाई करें। मैंने गाली देने का भी विरोध किया।

यह सुनते ही चौकी प्रभारी भड़क गया। उसने मुझसे गाली-गलौज शुरू कर दी। जब मैंने उन्हें बताया कि मैं इंडियन आर्मी में हूं तो दरोगा और भड़क गया। उसने मेरे चेहरे पर ताबड़तोड़ मुक्के बरसाए।

राधाचरण ने बताया- दरोगा के साथ जो पुलिस वाले आए थे, उन्होंने मेरे दोस्त महेश कुमार की बूढ़ी मां ओमवती देवी के साथ भी अभद्रता की। महेश की मां और उनकी पत्नी के साथ धक्का-मुक्की की।

वहीं, चौकी इंचार्ज मनोज भाटी का कहना है कि होली को लेकर गांव में फ्लैग मार्च निकाला जा रहा था। वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। जब मैं महेश के घर पहुंचा और उनके भाई के बारे में पूछताछ की, तो महेश ने मुझसे बदसलूकी की।

इस मामले में सीओ सदर पीतमपाल सिंह ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। अगर में जांच में दरोगा दोषी पाए जाते हैं, तो उन पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जांच के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *