google-site-verification=aXcKQgjOnBT3iLDjEQqgeziCehQcSQVIW4RbI82NVFo
Entertainment

दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो शूटर गिरफ्तार

UP के बरेली में एक्ट्रेस दिशा पाटनी के घर फायरिंग करने वाले दो और शूटरों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को दोनों शूटरों को दिल्ली पुलिस ने पकड़ा है। इनके नाम नकुल सिंह और विजय तोमर हैं। दोनों बागपत के रहने वाले हैं। इन पर एक-एक लाख का इनाम था।

दोनों ने 11 सितंबर को दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। इनके दो CCTV सामने आए थे। इसमें वे बाइक पर जाते हुए नजर आ रहे हैं। बरेली पुलिस ने दिल्ली पुलिस से संपर्क किया है। दोनों शूटरों को बी-वारंट पर बरेली लाया जाएगा।

बरेली पुलिस के मुताबिक, दिशा पाटनी के घर दो दिन यानी 11 और 12 सितंबर को फायरिंग हुई थी। 11 सितंबर को सुबह तड़के साढ़े 4 बजे नकुल और विजय ने फायरिंग की थी। जबकि 12 सितंबर को हरियाणा के शूटर अरुण और रविंद्र ने फायरिंग की थी।

UP STF ने हरियाणा और दिल्ली पुलिस के साथ 17 सितंबर की शाम गाजियाबाद में अरुण और रविंद्र को एनकाउंटर में ढेर कर दिया था। इसके बाद से विजय और नकुल की तलाश कर रही थी।

चारों शूटर रोहित गोदारा और गोल्डी बराड़ के गैंग के सदस्य थे। अपने दो शूटरों के एनकाउंटर में मारे जाने के बाद गैंग लीडर रोहित गोदारा बौखला गया। उसने UP पुलिस को धमकी दी थी। कहा था- हमारे जो दो शूटर्स मारे गए हैं, हम इसका बदला लेंगे। कोई कितना भी ताकतवर हो, माफी नहीं मिलेगी।

10 सितंबर को बरेली पहुंचे थे चारों शूटर पुलिस के मुताबिक, चारों शूटर दो बाइकों से 10 सितंबर को बरेली आ गए थे। नकुल और विजय स्प्लेंडर बाइक से थे। दोनों सुबह 6 बजकर 48 मिनट पर झुमका चौराहे पर लगे CCTV कैमरे में कैद हुए थे। सुबह 7 बजकर 15 मिनट पर जंक्शन रोड के हिंद गेस्ट हाउस में अरुण, विजय और नकुल ने चेक-इन किया।

यहां से दिशा पाटनी का घर आधा किलोमीटर दूर है। जबकि चौथा शूटर रविंद्र पुराने बस अड्डे से सटे प्रीत पैलेस होटल में रुका था। उसने सागर के नाम से आईडी दी थी।

पाटनी के पिता बोले- मुझ पर भी फायरिंग की पुलिस के मुताबिक, 11 सितंबर को जिस वक्त नकुल और विजय ने दिशा पाटनी के घर पर फायरिंग की थी। उस वक्त पाटनी का परिवार सो रहा था। पिता जगदीश पाटनी ने FIR में बताया था- फायरिंग के दौरान मेरा कुत्ता भौंकने लगा। मुझे संदेह हुआ। तब मैं बालकनी में आया, तो नीचे बाइक सवार 2 लोग दिखे। टोकने पर एक युवक ने मुझे निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। मैंने पिलर के पीछे फर्श पर लेटकर अपनी जान बचाई। घटना के वक्त एक्ट्रेस दिशा पाटनी मुंबई में थीं।

पुलिस के मुताबिक, पहले दिन फायरिंग के बाद नकुल और विजय बरेली ने छोड़ दिया। वहीं, एक और शूटर रविंद्र 11 सितंबर को रामपुर पहुंचा, जहां उसने रामनिवास के नाम से होटल में आईडी दी। फिर अगले दिन यानी 12 सितंबर को वह बरेली लौटा।

इसके बाद, रविंद्र और अरुण ने दिशा पाटनी के घर पर 12 सिंतबर की रात ताबड़तोड़ फायरिंग की। दोनों भागते हुए CCTV में कैद हो गए। रविंद्र मुख्य आरोपी था, जिसने फायरिंग की, जबकि अरुण बाइक चला रहा था और हेलमेट पहने हुए था। रविंद्र का चेहरा CCTV में साफ नजर आया था।

गैंगस्टर रोहित गोदरा की धमकी के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। पुलिस 24 घंटे पहरेदारी कर रही है। शुक्रवार दोपहर को दिशा पाटनी के पिता जगदीश पाटनी और बहन खुशबू पाटनी सुरक्षा में घर से बाहर निकले। दोनों गाड़ी में बैठकर कहीं चले गए। इस दौरान मीडिया ने जगदीश पाटनी से बात करने की कोशिश की। हालांकि, उन्होंने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *