प्रेमानंद महाराज पैदल नहीं, अब कार से जा रहे आश्रम, यात्रा का रूट और वक्त भी बदला
मथुरा के वृंदावन में संत प्रेमानंद महाराज ने रात में निकलने वाली अपनी पद यात्रा का रूट, समय और तरीका बदल दिया है। प्रेमानंद महाराज अपनी कार से केलि कुंज आश्रम पहुंचे। पहले रात करीब 2 बजे निकलते थे अब तड़के 4 बजे निकलते हैं।
प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए खड़े भक्तों ने उनकी कार निकलने के बाद सड़क पर झुककर प्रणाम किया। दो दिन पहले आश्रम की ओर से रात की पदयात्रा अनिश्चित काल के लिए बंद करने की सूचना दी गई थी।
इससे भक्त मायूस हो गए थे। आश्रम प्रबंधन ने पदयात्रा स्थगित करने के पीछे महाराज का स्वास्थ्य सही न होने और बढ़ती भीड़ का हवाला दिया था। हालांकि, 4 दिन पहले सोसाइटी की महिलाओं ने प्रेमानंद महाराज के रात्रि दर्शन को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था। इसकी प्रशासन से शिकायत की थी।
सोसायटी की महिलाओं का कहना था कि रात को सड़क पर भक्त जमा हो जाते हैं। वह ढोल-नगाड़े बजाते हैं। इससे उनका परिवार डिस्टर्ब होता है।
प्रेमानंद महाराज श्री कृष्ण शरणम् सोसाइटी में रहते हैं। वह कार में बैठकर प्रेम मंदिर के सामने से रमण रेती पुलिस चौकी होते हुए केली कुंज आश्रम पहुंचे। इस रूट से केली कुंज आश्रम की दूरी करीब आधा किलोमीटर बढ़ गई।
पहले वह रात 2 बजे सोसाइटी से रमणरेती स्थित आश्रम हित राधा केली कुंज के लिए निकलते थे। 2 किमी की यह दूरी वह पैदल चलकर पूरी करते थे। इस दौरान हजारों अनुयायी उनके दर्शन के लिए सड़क के दोनों तरफ खड़े रहते थे।
रात में जब संत प्रेमानंद महाराज आश्रम के लिए निकलते थे, तब उनके अनुयायी रास्ते भर फूलों से रंगोली बनाते थे। निवास से लेकर आश्रम तक का रास्ता फूलों से पट जाता था। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं हर कोई एक झलक पाने को उनका इंतजार करता थ। जगह-जगह उनकी आरती उतारी जाती थी। प्रेमानंद महाराज के निवास स्थान से आश्रम जाने वाले रास्ते में पड़ने वाली NRI ग्रीन सोसाइटी की महिलाओं ने यात्रा को लेकर विरोध किया था। महिलाओं का कहना था- जब महाराज जी निकलते हैं, तब तेज आवाज में ढोल बजते हैं। कभी-कभी आतिशबाजी भी की जाती है। इससे नींद पूरी नहीं हो पा रही। बच्चे देरी से उठते हैं। इस वजह से उन्हें स्कूल जाने में लेट हो जाता है। विरोध के दौरान महिलाओं ने हाथ में तख्तियां ले रखी थीं। जिस पर स्लोगन लिखा था- यह कौन सी भक्ति और दर्शन है। यह तो शक्ति का प्रदर्शन है।
इसके बाद संत प्रेमानंद महाराज के आश्रम ने पैदल यात्रा को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का ऐलान किया। कहा था- महाराज जी के स्वास्थ और बढ़ती हुई भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
केलि कुंज आश्रम के संत नवल नागरी दास महाराज ने बताया- प्रेमानंद महाराज को करीब 20 साल से किडनी की समस्या है। पहले हफ्ते में 3 बार डायलिसिस होती थी। लेकिन अब समस्या बढ़ गई तो हफ्ते में 4 से 5 बार डायलिसिस की जा रही है। स्वास्थ्य संबंधी समस्या दूर होने के बाद वह फिर से पैदल यात्रा करेंगे। संत प्रेमानंद महाराज श्री कृष्ण शरणम् सोसाइटी में रहते हैं। इस सोसाइटी में उनके 2 फ्लैट हैं। HR 1 ब्लॉक के फ्लैट नंबर 209 और 212 उनके पास हैं। 2 BHK इन फ्लैट में से एक में वह रहते हैं जबकि दूसरे फ्लैट में डायलिसिस का इंतजाम किया हुआ है। इसी फ्लैट में उनका हफ्ते में 4 से 5 बार डायलिसिस की जा रही है। प्रेमानंद महाराज के पदयात्रा न करने से भक्त मायूस हैं। केली कुंज आश्रम के बहार देर शाम से ही भक्तों का जमावड़ा होना शुरू हो जाता है। भीलवाड़ा से आईं महिला भक्त ने कहा वह दर्शन करने आई थी लेकिन जब पता चला कि महाराज जी पदयात्रा नहीं कर रहे तो मायूस हैं। लेकिन महाराज जी जल्द स्वस्थ हों दर्शन बाद में भी कर लेंगे।
आश्रम के बहार कंठी माला और संत प्रेमानंद महाराज के तस्वीर बेचने वाले एक दुकानदार ने बताया कि इस समय उसकी एसी हालत है जैसे पिता के अस्वस्थ होने पर बेटा की होती है।