Dailynews

अलीगढ़ : दरोगा की पिस्टल से गोली चली और महिला को लग गई. दरोगा ढूंढे नहीं मिल रहा

Share News

अलीगढ़, कोतवाली थाने में शुक्रवार को दरोगा की पिस्टल से गोली चली और महिला को लग गई। उसकी हालत नाजुक बनी है। जेएन मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। अभी उसे ICU में ही रखा गया है। वहीं घटना के बाद से आरोपी दरोगा गायब है।

महिला के परिजनों की तहरीर पर आरोपी दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। फील्ड यूनिट के साथ ही पुलिस की 3 टीमें दरोगा को पकड़ने के लिए दबिश दे रही हैं। SP ग्रामीण पलाश बंसल की देखरेख में टीमें काम कर रही हैं और मामले की जांच की जा रही है।

कोतवाली थाना क्षेत्र के हड्‌डी गोदाम तुर्कमान गेट निवासी इशरत निखत (55) पत्नी शकील अहमद ने पासपोर्ट के लिए आवेदन किया है। उनका पुलिस वैरिफिकेशन बाकी था, जिसके लिए वह शुक्रवार दोपहर अपने बेटे के साथ कोतवाली थाने पहुंची थी। जल्द रिपोर्ट लगाने के लिए वह भुजपुरा चौकी इंचार्ज मनोज शर्मा के पास पहुंची थीं।

घटना के समय महिला और उनका बेटा सीसीटीएनएस कार्यालय में दरोगा मनोज शर्मा के पास खड़े थे। इस दौरान एक पुलिसकर्मी पिस्टल लेकर आता है और दरोगा को देता है। इसके बाद वह पिस्टल को लोड करते हैं और इसी दौरान अचानक गोली चल जाती है। जो महिला के सिर के पिछले हिस्से में लगी है। जिससे महिला घायल हो जाती है। यह सारी घटना थाने के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घटना के बाद महिला को तत्काल जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। एसएसपी कलानिधि नैथानी ने आरोपी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया और मामले की जांच के लिए टीम गठित की। इसके साथ ही बेटे की तहरीर पर आरोपी दरोगा के खिलाफ जान से मारने का प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

बेटे ने आरोप लगाया है कि आरोपी चौकी इंचार्ज मनोज शर्मा पासपोर्ट की रिपोर्ट लगाने में टाल मटोल कर रहे थे और एक घंटे बाद आने को बोल रहे थे। जिस पर बेटे ने रिपोर्ट जल्दी लगाने का आग्रह किया था। बताया था कि उसकी मां बीमार रहती हैं और बार-बार थाने नहीं आ सकती हैं। जिस पर दरोगा नाराज हो गए और जानबूझकर उन्होंने जान से मारने की नीयत से गोली चला दी

चौकी इंचार्ज मनोज शर्मा मौके से तुरंत गायब हो गए। इसके साथ ही वह उस पिस्टल को भी अपने साथ ले गए हैं, जिससे गोली चली है। अब पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही है और मामले की जांच कर रही है। यह पिस्टल उनकी निजी थी या फिर सरकारी, इसकी भी जांच की जा रही है।

SSP कलानिधि नैथानी ने बताया कि एसपी ग्रामीण की देखरेख में मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है। घटना का CCTV भी है, जो पर्याप्त डिजिटल साक्ष्य हैं। गोली जानबूझकर चली है या दरोगा की लापरवाही के कारण यह घटना हुई, इसकी भी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपी को बक्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *