Live News

बुलंदशहर : बाल श्रम के विरोध में व्यापारियों ने दिया ज्ञापन

बुलंदशहर में बाल श्रम निषेध दिवस पर समाधान चौपाल सामाजिक संगठन के तत्वाधान में सहायक आयुक्त श्रम विभाग को पांच सूत्र कार्यक्रम के लिए एक ज्ञापन दिया गया। व्यापारियों ने बाल श्रम को लेकर चिंता व्यक्त की। व्यापारी नेता राजेन्द्र अग्रवाल ने कहा कि बाल श्रम के खिलाफ मौजूदा कानूनों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। बाल श्रम में लिप्त पाए गए नियोक्ताओं पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।

जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं
बाल श्रमिकों के पुनर्वास के लिए विशेष योजनाएं बनाई जाएं। बाल श्रमिकों को मुफ्त और अनिवार्य शिक्षा प्रदान की जाए। उनके पुनर्वास और शिक्षा के लिए समुचित संसाधनों का आवंटन किया जाए। उन्होंने कहा कि बाल श्रम के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए व्यापक अभियान चलाए जाएं। समुदायों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में, बाल श्रम के खिलाफ जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए
बाल श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए सामाजिक और आर्थिक समर्थन सेवाएं प्रदान की जाएं। गरीब परिवारों को बाल श्रम के विकल्प के रूप में आजीविका के साधन उपलब्ध कराए जाएं। नियमित निरीक्षण और सर्वेक्षण के माध्यम से बाल श्रम के मामलों की पहचान और रिपोर्टिंग सुनिश्चित की जाए। बाल श्रम विरोधी गतिविधियों की निगरानी और उनके परिणामों की रिपोर्टिंग के लिए एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जाए।

ये लोग रहे मौजूद
अध्यक्ष राजेंद्र अग्रवाल ने कहा कि भारत का हर बच्चा राष्ट्र की धरोहर है। सजल अग्रवाल ने कहा बच्चों के प्रति हमारा नैतिक कर्तव्य है कि हम उन्हें अपनी दुकान और मकान पर नौकर बना कर ना रखें। जितना भी हो यथासंभव उनकी मदद करें। इस मौके पर सौरभ गर्ग, ऋषभ शर्मा, विकल्प अग्रवाल आदि मौजूद रहे।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *