Dailynews

कानपुर, गाजियाबाद समेत 8 जिलों के DM बदले, निशा को अमेठी और संजय को पीलीभीत का जिम्मा

Share News
5 / 100

कानपुर, योगी सरकार ने लोकसभा चुनाव से पहले सोमवार देर रात 18 IAS अफसरों का ट्रांसफर किया। इनमें 8 जिलों के डीएम बदले गए हैं। कानपुर के डीएम विशाख जी. को अलीगढ़ डीएम बनाया है। अलीगढ़ के डीएम इंद्र विक्रम सिंह को गाजियाबाद की जिम्मेदारी दी है। वहीं, गाजियाबाद के डीएम आरके सिंह अब कानपुर के नए डीएम होंगे। निशा आनंद को श्रम विभाग से अमेठी डीएम बनाया गया है।

बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष जोगिंदर सिंह को रामपुर का डीएम बनाया गया है। राज्य संपत्ति विभाग में तैनात बीके सिंह को फर्रुखाबाद का डीएम नियुक्त किया है। जबकि फर्रुखाबाद के डीएम संजय कुमार सिंह को पीलीभीत भेजा गया है। वहीं, रामपुर के डीएम रविंद्र कुमार मंदर को जौनपुर की जिम्मेदारी दी गई है। राजेश राय विशेष सचिव गृह को DM कौशांबी बनाया गया है।

सूत्रों के मुताबिक, कई अफसरों के ट्रांसफर केंद्रीय निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के तहत किए गए हैं। गाजियाबाद और रामपुर डीएम को 3 साल से अधिक की एक जिले में तैनाती होने पर हटाया गया है।

देर रात जारी लिस्ट में संजय कुमार सिंह को रामपुर डीएम और जोगिंदर सिंह को पीलीभीत डीएम बनाया गया था। हालांकि, बाद में इस तबादला लिस्ट में बदलाव हुआ। संजय कुमार को पीलीभीत और जोगिंदर सिंह को रामपुर का DM बनाया गया

सहारनपुर की नगर आयुक्त गजल भारद्धाज का तबादला
यूपी सरकार ने 2015 बैच के अफसरों को भी डीएम की तैनाती दी है। जौनपुर के डीएम अनुज झा को ACEO राज्य निर्वाचन आयोग बनाया गया है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के विशेष सचिव दिव्यांशु पटेल को मुरादाबाद का नगर आयुक्त और आगरा के मुख्य विकास अधिकारी मनिकनंदन ए. को बरेली विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है।

इसके अलावा, संजय चौहान नगर आयुक्त मुरादाबाद से नगर आयुक्त सहारनपुर बनाए गए हैं। सहारनपुर की नगर आयुक्त गजल भारद्वाज को सचिव यूपी भवन एवं सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड बनाया गया है। तबादलों की इस लिस्ट में विशेष सचिव स्तर के अधिकारी भी हैं। 

जून-2022 में कानपुर नगर का डीएम विशाख जी को बनाया गया था। यानी करीब 19 महीने बाद उनका ट्रांसफर हुआ है। इससे पहले भी उन्होंने कानपुर में बतौर डीएम एक कार्यकाल किया था। 2011 बैच के विशाख जी मूलतः केरल के इडुक्की के रहने वाले हैं। विशाख अय्यर की पत्नी अपूर्वा दुबे उन्नाव की डीएम हैं। कानपुर में तैनाती से पूर्व विशाख जी मुख्यमंत्री के विशेष सचिव थे। कानपुर में पहली तैनाती के दौरान ताबड़तोड़ एक्शन के लिए विशाख जी चर्चा में रहे हैं। वह एक बार मरीज बनकर उर्सला अस्पताल पहुंच गए थे। वहां लाइन में लगकर पर्चा बनवाया था। मरीज बनकर ही अस्पताल का निरीक्षण किया था।

आरके सिंह यानी राकेश कुमार सिंह 4 जून 2021 को गाजियाबाद के DM बने थे। यहां उनका कार्यकाल करीब 32 महीने का रहा, जो एक रिकॉर्ड है। इससे पहले वे मुरादाबाद के DM भी करीब साढ़े 4 साल तक रहे हैं। अयोध्या के रहने वाले वाले राकेश सिंह की गिनती व्यवहार कुशल और बेहतर टीम लीडर में होती रही है। यही वजह है कि गाजियाबाद और मुरादाबाद में ही उन्होंने बतौर DM करीब 7 साल गुजार दिए।

जौनपुर के डीएम अनुज झा को एसीईओ राज्य निर्वाचन आयोग बनाया गया है। अनुज झा 2009 बैच के IAS हैं। वह मुख्य विकास अधिकारी के रुप में झांसी, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के रुप में मुरादाबाद, यूपीआरआरडीए के सीईओ, एडिशनल कमिश्नर मनरेगा के पद पर रह चुके हैं। अयोध्या, महोबा, बुलन्दशहर, कन्नौज, रायबरेली के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *