Crime News

मथुरा में महिला से रेप का आरोपी एनकाउंटर में ढेर

Share News
9 / 100

मथुरा में कस्टडी से फरार होने के 17 घंटे बाद बदमाश पुलिस एनकाउंटर में ढेर हो गया। शनिवार सुबह शेरगढ़ क्षेत्र में पुलिस-SOG टीम ने घेराबंदी की तो उसने 7 राउंड फायरिंग की। फिर खेत की तरफ भागा। पुलिस ने बदमाश को दौड़ाकर गोली मारी। पुलिस की टीम उसे शेरगढ़ CHC ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

एसएसपी शैलेश पांडे ने बताया- बदमाश मनोज ने कुछ दिन पहले वृद्ध महिला से रेप और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। शुक्रवार को उसे पुलिस एनकाउंटर में गोली लगी। अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन बदमाश अस्पताल से फरार हो गया। 2015 में भी उसने तमंचे के बल पर महिला से रेप किया था। वृंदावन में लूट के आरोप में जेल भी गया था।

मनोज ने 25 मई को लिफ्ट देने के बहाने एक 65 साल की महिला के साथ रेप और लूट की वारदात की थी। महावन थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद जांच में जुटी पुलिस ने आरोपी की पहचान CCTV से की थी। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार यानी 31 मई को तड़के 3 बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उसके दोनों पैर में गोली लगी।

जिसके कारण उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। शुक्रवार सुबह पुलिस और अस्पताल कर्मियों को चकमा देकर हाथ में बंधी हथकड़ी को खोल कर फरार हो गया था। उस पर पहले 25 हजार का इनाम था। पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद राशि बढ़ाकर 50 हजार कर दी गई।

आरोपी मनोज मथुरा छोड़ने की फिराक में था। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। शनिवार तड़के पुलिस को उसकी लोकेशन शेरगढ़ क्षेत्र में मिली। पुलिस ने बदमाश को पकड़ने के लिए नाकाबंदी की। वह दलौता सेही रोड से भागने की फिराक में था। सुबह 4 बजे सेही रोड पर वह बाइक से आया। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी।

वह सेई रोड पर लौहलारी माता मंदिर तिराहा से करीब 200 मीटर अगरयाला की तरफ बंबा की पटरी की तरफ भागा। पुलिस और SOG टीम की जवाबी फायरिंग में उसके सीने में गोली लगी। वह गिर गया। बदमाश की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस टीम को उसके कब्जे से .32 बोर की देशी पिस्टल, 8 जिंदा कारतूस, 7 कारतूस का खोखा और एक बाइक बिना नंबर प्लेट की बरामद की गई।

अकेली महिला को देखकर देता था लिफ्ट
मुठभेड़ में ढेर हुआ मनोज अकेली महिला को देखकर लिफ्ट देने के बहाने अपनी बाइक पर बैठा लेता था। फिर सुनसान स्थान पर ले जाकर रेप करता और लूट को अंजाम देता था। 2015 में उसने अपने गांव की एक महिला के साथ भी खेत में तमंचे के बल पर रेप किया था। इस घटना का मुकदमा महिला के पति ने थाना शेरगढ में लिखाया था।

एक महीने की पैरोल पर आया था जेल से बाहर
मनोज ने एक साल पहले 2023 में वृन्दावन क्षेत्र में एक महिला से पर्स लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इसमें पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसके गलत चाल-चलन की वजह से परिजनों ने उसकी जमानत नहीं कराई थी। वे जमानती खोजने का बहाना बनाकर एक माह की पैरोल पर 15 मई को जेल से बाहर आया।

फिर उसने 25 मई को महावन थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिला को लिफ्ट देने के बहाने बाइक पर बैठाकर सुनसान जगह लेकर गया। यहां उसने उनके कानों के कुंडल, पायल व नाक की नथ लूट ली थी। फिर रेप किया और धमकी देकर भाग गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *