Dailynews

आगरा के बिजनेसमैन की अमेरिका में हत्या, 15 दिन पहले हुई थी शादी

Share News

आगरा युवक गोविन की अमेरिका में हत्या कर दी गई। रोड रेज के विवाद में बीच सड़क उनको गोली मार दी गई। जिस समय उसकी हत्या की गई, पत्नी सिंथिया जमोरा भी साथ थीं।

अमेरिका में रहने वाले गोविन की बहन दीपसी ने आगरा में परिवार को हत्या किए जाने के बारे में बताया। परिवार सदमे में है। अमेरिका से बॉडी आने का इंतजार किया जा रहा है।

पिकअप ड्राइवर को पुलिस ने हिरासत में लिया
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया- गोलीबारी की घटना काले रंग की होंडा और सफेद रंग की पिकअप ट्रक के ड्राइवर के बीच सड़क पर हुए झगड़े की वजह से हुई। पिकअप के ड्राइवर ने कार चला रहे युवक को गोली मार दी। पिकअप चालक को घटनास्थल पर हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में आगे की जांच के बाद उसे छोड़ दिया गया। पत्नी सिंथिया जमोरा ने एक न्यूज चैनल को बताया- वह एक मेहनती व्यक्ति था। जो हमेशा किसी की मदद करने के लिए आगे आता था। वह इस तरह मरने के लायक नहीं था। यह बहुत दुखद है कि मेरे पति की निर्मम हत्या कर दी गई। एक दुखी विधवा के रूप में मेरा दिल टूट गया है। अब मेरी दुनिया कभी भी वैसी नहीं होगी।

आगरा के सदर इलाके की हिमाचल कॉलोनी में पवन डासा रहते हैं। वह बिजनेस करते हैं। उन्होंने बताया- मेरी बेटी दीपसी और बेटा गोविन अमेरिका में रहते हैं। बेटी ने अमेरिका से पढ़ाई की थी। बेटा भी 2016 में अमेरिका गया था। वो वहां इंडियाना में रहता था। वहां पर ट्रांसपोर्ट का बिजनेस करने लगा था। 15 दिन पहले ही बेटे ने मैक्सिको की लड़की जामोरा के साथ शादी की थी। पूरा परिवार बहुत खुश था।पवन डासा ने बताया- अमेरिकी समय अनुसार 16 जुलाई की रात को उनका बेटा और उसकी पत्नी साथ में था। उन्होंने साथ में पार्टी की थी। रात करीब 8.15 बजे दोनों अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में सामने आ रहे ट्रक और मेरे बेटे की गाड़ी में टक्कर हो गई। इसको लेकर झगड़ा हो गया।

विवाद में ट्रक ड्राइवर ने बीच सड़क पर बेटे को गोली मार दी। हत्या के बाद मेरी बेटी को इस बात की जानकारी हुई। वो मौके पर पहुंची। उसने ही रात में हम लोगों को सूचना दी।

इकलौते बेटे की मौत के बाद पिता पवन डासा ​​​​​​​पूरी तरह से टूट गए हैं। वो कहते हैं- हम उसकी शादी पर बहुत खुश थे। लेकिन, कभी सोचा नहीं था कि बेटे की शादी के दो सप्ताह बाद ही ऐसा भी हो जाएगा। मेरी तो दुनिया ही उजड़ गई है। बेटे ने आगरा के सेंट जॉर्जिस से इंटर किया था। यही से ही ग्रेजुएशन भी किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *