नोएडा : नाले में गिरने से युवक की मौत, जा रहा था ड्यूटी
लगातार बारिश के बीच नोएडा में एक और दर्दनाक हादसा सामने आया है। थाना सेक्टर-58 क्षेत्र के सेक्टर-57 में ड्यूटी पर जा रहे 28 वर्षीय युवक आर्यन की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह सेक्टर-58 में इन्वर्टर बनाने वाली कंपनी में पिछले तीन साल से सुपरवाइजर था। हाल ही में उसने इलेक्ट्रिक ब्रांच से बीटेक किया था।
घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बारिश के पानी से ढके खुले नाले में गिरने से उसकी जान गई। वहीं, नोएडा प्राधिकरण का दावा है कि युवक की मौत बिजली के पोल में करंट आने से हुई। आर्यन के पिता की मौत कैंसर से चार साल पहले हो चुकी है। वो अपनी मां रानी देवी का इकलौता सहारा था। जानकारी के अनुसार, ग्राम चौड़ा, सेक्टर-22 निवासी आर्यन (28) पुत्र संजय कुमार गुरुवार सुबह करीब 9:15 बजे अपने साथी शुभम के साथ ड्यूटी पर जा रहे थे। इसी दौरान सेक्टर-57 में जलभराव के बीच एक बिजली के पोल में करंट उतर आया। प्राधिकरण के अनुसार करंट लगने से आर्यन अचेत होकर पानी में गिर पड़े।
आर्यन के साथ मौजूद शुभम उन्हें तत्काल जिला अस्पताल, सेक्टर-39 लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि बारिश के कारण सड़क और नाले का अंतर दिखाई नहीं दे रहा था। उनका कहना है कि आर्यन पानी से भरे खुले नाले में गिर गए, जिससे उनकी मौत हुई। लोगों ने खुले नालों और जलभराव को लेकर नोएडा प्राधिकरण की लापरवाही पर सवाल उठाए।
थाना सेक्टर-58 पुलिस का कहना है कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

