5 मिनट में घर में बनेगा लाजवाब झाल मुड़ी
Jhal Muri Recipe: पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी स्थानीय फेमस स्ट्रीट फूड झाल मुड़ी का स्वाद लिया और इसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं, जिसके बाद यह डिश एक बार फिर चर्चा में आ गई. लेकिन सच कहें तो झाल मुड़ी सिर्फ बंगाल ही नहीं, बल्कि बिहार और झारखंड में भी उतनी ही पसंद की जाती है. हल्की, चटपटी और झटपट बनने वाली यह डिश हर उम्र के लोगों को पसंद आती है.
खास बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय नहीं लगता और घर की साधारण सामग्री से ही तैयार हो जाती है. अगर आप भी वही स्ट्रीट स्टाइल स्वाद घर पर पाना चाहते हैं, तो आज हम आपको बताएंगे झाल मुड़ी बनाने का आसान तरीका, जिससे हर बाइट में मिलेगा वही असली चटपटा मजा. यह रेसिपी इतनी आसान है कि कोई भी इसे बिना किसी झंझट के बना सकता है. झाल मुड़ी क्या है और क्यों है इतनी फेमस: झाल मुड़ी दरअसल मुरमुरे यानी फूले हुए चावल से बनने वाली एक स्पाइसी और टेस्टी डिश है. इसमें सरसों का तेल, प्याज, हरी मिर्च, मसाले और नींबू का रस मिलाकर एक शानदार स्वाद तैयार किया जाता है. यह डिश खासतौर पर शाम के नाश्ते या हल्की भूख के लिए परफेक्ट मानी जाती है. इसकी खासियत यह है कि यह हल्की होने के साथ-साथ पेट भरने का काम भी करती है.
झाल मुड़ी बनाने के लिए जरूरी सामग्री: झाल मुड़ी बनाने के लिए आपको ज्यादा कुछ नहीं चाहिए. घर में मौजूद चीजों से ही आप इसे तैयार कर सकते हैं. इसके लिए मुरमुरे, बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च, टमाटर, उबले आलू, सरसों का तेल, चाट मसाला, नमक, लाल मिर्च पाउडर, धनिया पत्ती और नींबू का रस चाहिए. चाहें तो आप इसमें सेव या मूंगफली भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है. बिहारी स्टाइल झाल मुड़ी बनाने का आसान तरीका: सबसे पहले एक बड़े बर्तन में मुरमुरे डालें. अब इसमें बारीक कटा प्याज, टमाटर और उबले आलू डाल दें. इसके बाद इसमें हरी मिर्च, चाट मसाला, नमक और लाल मिर्च डालकर अच्छे से मिक्स करें. अब सबसे अहम स्टेप आता है, जिसमें आपको इसमें सरसों का तेल डालना है. यही इसका असली स्वाद देता है. अंत में इसमें नींबू का रस और हरी धनिया डालकर अच्छी तरह टॉस करें. ध्यान रखें कि इसे तुरंत सर्व करें, क्योंकि ज्यादा देर रखने से मुरमुरे नरम हो जाते हैं.
झाल मुड़ी को और टेस्टी बनाने के टिप्स: अगर आप चाहते हैं कि आपकी झाल मुड़ी बिल्कुल स्ट्रीट स्टाइल बने, तो सरसों के तेल का इस्तेमाल जरूर करें. साथ ही मुरमुरे हमेशा ताजे होने चाहिए, तभी उसमें क्रंच आएगा. आप इसमें थोड़ी सी भुनी हुई मूंगफली या सेव भी डाल सकते हैं, जिससे इसका स्वाद और टेक्सचर दोनों बढ़ जाते हैं. अगर आपको ज्यादा खट्टा पसंद है, तो नींबू थोड़ा ज्यादा डाल सकते हैं.
क्यों है झाल मुड़ी हेल्दी ऑप्शन: झाल मुड़ी को हेल्दी स्नैक भी माना जाता है क्योंकि इसमें ज्यादा तेल या भारी चीजों का इस्तेमाल नहीं होता. यह हल्का होता है और जल्दी पच जाता है. अगर आप शाम को कुछ चटपटा खाने का मन हो, तो यह एक बढ़िया ऑप्शन है, जो स्वाद और सेहत दोनों का ध्यान रखता है.

