मेरठ : सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क लड़की को मार दी गोली
मेरठ में सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में बीच सड़क 24 साल की लड़की को गोली मार दी। गुरुवार रात 11 बजे आरोपी ने सहेली के साथ लड़की को रोका। उससे पूछा- मुझसे शादी कर लो। लड़की ने मना किया तो बंदूक निकाल ली। फायर कर दिया।
लड़की बचने के लिए झुक गई, इसलिए निशाना चूक गया। सहेली ने आरोपी को धक्का दिया। इससे वह गिर पड़ा। उठते ही दूसरी बार फायर किया। गोली लड़की के कान के पास लगी। वह सड़क पर गिर पड़ी। दर्द से तड़पने लगी। लोगों को आता देखकर आरोपी भागने लगा।
चिल्लाते हुए बोला- मुझसे शादी नहीं करोगी तो किसी और से नहीं करने दूंगा। मेरी नहीं हुई तो किसी और की नहीं दूंगा। आनन-फानन में लड़की को केएमसी अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
लड़की की सहेली ने पुलिस को फोन कर वारदात की जानकारी दी। सूचना पर एसपी सिटी, सीओ पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे। मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। वारदात ब्रह्मपुरी थाने के गणेशपुरी चौकी से करीब 300 मीटर दूर अंजुम पैलेस के सामने हुई।
- लड़की की सहेली आयशा (28) ने बताया- मैं लिसाड़ी रोड के 60 फुटा इलाके में पति सरफराज के साथ रहती हूं। मेरी दोस्त अपनी मौसी के साथ रहती है और ब्यूटी पार्लर में काम करती है। बुधवार को उसका बर्थडे था। इसलिए मैं उसके पास गई थी। उसने जिद की, इसलिए जन्मदिन मनाने के बाद वहीं रुक गई।
- दरअसल, दोस्त एक-दो दिन मेरे साथ रहना चाहती थी। इसलिए कहा कि मैं भी साथ चलूंगी। मैंने उसकी बात मान ली। अगले दिन यानी गुरुवार को रात 11 बजे सरफराज हमें लेने पहुंचे। हम तीनों एक बाइक से जा रहे थे। दोस्त पीछे बैठी थी। जैसे ही हम लोग अंजुम पैलेस पहुंचे, अचानक से आरोपी कैफ उर्फ बल्लू ने बाइक रोक ली।
- बाइक रुकते ही उसने चाभी निकाल ली। फिर दोस्त से बहस करने लगा। मैंने और सरफराज ने बबीच-बचाव किया तो हमें धक्का देने लगा। वह दोस्त को धमका रहा था कि मुझे शादी कर लो, वरना कहीं शादी नहीं होने दूंगा। देखते ही देखते लात-घूंसे से मारने लगा। फिर बंदूक निकालकर गोली चला दी।
- पहली गोली उसकी मिस हो गई। फिर दूसरी बार गोली चलाई। गोली दोस्त के कान के पास लगी। फिर मुझे भी गोली मारने की कोशिश की। लेकिन, भीड़ देखकर आरोपी भाग गया। हम लोग भी खून देखकर डर गए। तुरंत बाइक से शाहीन को अस्पताल पहुंचाया। फिर पुलिस को सूचना दी।
आयशा ने बताया- आरोपी बल्लू गड्ढे वाली मस्जिद के पास रहता है। उसकी शादी हो चुकी है। उसने अपने मामा की बेटी से ही शादी की है। इसके बावजूद वह शाहीन पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। काफी समय से परेशान कर रहा था। दोस्त अक्सर मुझे इस बारे में बताती थी। पीछा छुड़ाने के तरीके पूछती थी। बदनामी के डर से पुलिस के पास नहीं जाती थी। हमें नहीं पता था कि बात यहां तक पहुंच जाएगी।

