मथुरा में द्वारिकाधीश मंदिर में चोरी
मथुरा के प्रसिद्ध द्वारिकाधीश मंदिर में रविवार देर रात एक चोर घुसा। वह मंदिर के मुख्य गेट पर लगे दानपात्र (गोलक) के पास रुका, इधर-उधर देखकर तसल्ली की। फिर गुटखा खाया और सरिया से ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी बैग में भरकर फरार हो गया।
पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। यह गोलक मंदिर के मुख्य द्वार के बाहर लगी है। घटना की जानकारी मिलते ही मंदिर प्रबंधन में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी है।
द्वारिकाधीश मंदिर के मुख्य गेट पर लगे CCTV कैमरे में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज के अनुसार, रात करीब 12 बजे 25-30 साल का एक युवक मंदिर की सीढ़ियों पर बैठकर मोबाइल चलाता दिखाई देता है। कुछ देर बाद वह सीढ़ियों से उतरकर दोनों ओर देखता है कि कोई आ तो नहीं रहा।
इसी दौरान पुलिस की बाइक पर दो पुलिसकर्मी गश्त करते हुए वहां से गुजरते हैं। उन्हें देखकर युवक दोबारा सीढ़ियों पर बैठ जाता है। कुछ मिनट बाद वह फिर उठता है, इधर-उधर देखता है और जेब से गुटखे का पाउच निकालकर खा लेता है।
इसके बाद वह हाथ में सरिया लेकर गोलक के आसपास घूमता रहता है। करीब 9 मिनट तक मौका देखने के बाद वह गोलक के पास पहुंचता है और ताला तोड़ना शुरू कर देता है। रात करीब 12:30 बजे वह सरिया की मदद से ताला तोड़ देता है।
चोर ने करीब दो मिनट में गोलक का ताला तोड़ दिया। इसके बाद वह कुछ देर वहीं बैठा रहता है। इसी दौरान एक स्कूटी सवार वहां आता है, जो स्कूटी पर बैठे-बैठे भगवान को प्रणाम कर आगे बढ़ जाता है। उसके जाने के बाद चोर गोलक में रखी नकदी निकालकर अपने बैग में रखता है और मौके से फरार हो जाता है। मंदिर के मुख्य गेट की सीढ़ियों पर स्टील की यह गोलक श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लगाई गई है। इसका उद्देश्य यह है कि जो श्रद्धालु किसी कारण मंदिर के अंदर नहीं जा पाते, वे भी इसमें अपनी श्रद्धानुसार दान कर सकें।

