इंसाफ चाहिए चिल्लाते हुए पहुंचा युवक, पत्नी से तंग आकर थाने में खुद को लगाई आग
कानपुर में पत्नी से परेशान होकर युवक ने मंगलवार सुबह 11 बजे थाने के गेट पर खुद को आग लगा ली। युवक चिल्लाते हुए महाराजपुर थाने के गेट पर पहुंचा। बोला- मुझे इंसाफ चाहिए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता उसने पेट्रोल भरी बोतल निकाली और खुद पर छिड़क लिया। फिर माचिस जलाकर खुद को आग के हवाले कर दिया।
देखते ही देखते युवक आग की लपटों में घिर गया। वह तड़पते हुए इधर-उधर भागने लगा। थाने में अफरा-तफरी मच गई। इंस्पेक्टर, दरोगा और सिपाही उसे बचाने के लिए दौड़े। उस पर कंबल डाला। युवक को बचाने के चक्कर में इंस्पेक्टर-सिपाही के हाथ झुलस गए। कुछ लोग बाल्टी में पानी लेकर आए। आग बुझाई।
युवक को गंभीर हालत में उर्सला हॉस्पिटल में भर्ती कराया। युवक की पहचान महेश (32) के रूप में हुई है। उसका आरोप है कि पत्नी का किसी और से अफेयर चल रहा है। मुझसे लड़ती-झगड़ती है। मारपीट करती है। ताने मारती है। मुझे उसके साथ नहीं रहना है। 2015 में शादी हुई थी, मजदूरी कर घर चलाता है महाराजपुर में राजथोक के फुफुवार में महेश पासी (32) पत्नी और 2 बच्चों के साथ रहता है। मजदूरी कर घर चलाता है। उसकी शादी 2015 में कानपुर के सचेंडी की रहने वाली पूनम के साथ हुई थी।दोनों के एक 8 साल का बेटा और 13 साल की बेटी है।
महाराजपुर थाने में पत्नी के खिलाफ तहरीर दी मंगलवार सुबह महेश ने महाराजपुर थाने में पत्नी के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद थाने के गेट की तरफ चला गया। चिल्लाने लगा। फिर खुद को आग लगा ली। आग देखते ही पुलिसवाले बचाने के लिए दौड़े। एसएचओ जनार्दन सिंह, दरोगा गौरव सौलिया और सिपाही अरुण कुमार बुरी तरह झुलस गए।
पुलिस की जांच की तो पता चला कि महेश का पूनम से लंबे समय से विवाद चल रहा है। सोमवार को भी दोनों का आपस में झगड़ा हुआ था। मारपीट तक की नौबत आ गई थी। आसपास के लोगों के समझाने पर झगड़ा शांत हुआ था।
इसके बाद पूनम ने रात करीब 8 बजे महेश के खिलाफ महाराजपुर थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया। तहरीर में लिखा कि दोपहर 12 बजे मैं घर में थी, पति महेश शराब पीकर आया और बिना कारण के भद्दी-भद्दी गालियां देने लगा। लात-घूंसों से मारने लगा।
उसने बताया कि शरीर के अंदरूनी हिस्से में काफी चोट आई है। महेश आए दिन मुझे मारता-पीटता है। जान से मारने की धमकी देता है। घर से बाहर निकाल देता है। मायके वालों को भी गाली देता है।

