Bihar Police Vacancy: बिहार पुलिस में होने वाली है बंपर बहाली!
पटना. बिहार में पुलिस बहाली को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है. मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरकार के कैबिनेट फैसलों को अब तेजी से लागू किया जा रहा है. गृह विभाग ने पुलिस विभाग में नियुक्ति और प्रोन्नति से जुड़े अहम फैसले का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. जारी अधिसूचना के मुताबिक कुल 20,937 पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. इनमें से 10,468 पदों पर सीधी बहाली होगी, जबकि 10,469 पद विभागीय प्रोन्नति के जरिए भरे जाएंगे.
यानी बड़ी संख्या में नए अभ्यर्थियों को नौकरी का मौका मिलेगा, वहीं विभाग के अंदर कार्यरत कर्मियों को प्रमोशन का लाभ मिलेगा. सरकार का मानना है कि इससे पुलिस बल की संख्या बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी. लंबे समय से पुलिस विभाग में रिक्त पड़े पदों को भरने की मांग की जा रही थी. इस फैसले को आगामी समय में राज्य की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है.
बिहार सरकार के गृह विभाग ने पुलिस बल के सुदृढ़ीकरण को लेकर बड़ा फैसला लिया है. सरकार ने बिहार पुलिस में कुल 48,447 नए पदों के सृजन को मंजूरी दे दी है. इसके साथ ही पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के 20,937 पदों को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है, जिसमें 10,468 पदों पर सीधी बहाली होगी, जबकि 10,469 पद विभागीय प्रोन्नति से भरे जाएंगे. गृह विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक बढ़ती जनसंख्या और कानून-व्यवस्था की जरूरतों को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है. इस प्रस्ताव को बिहार मंत्रिपरिषद की मंजूरी भी मिल चुकी है.
ERSS परियोजना के तहत 19,288 पदों का सृजन
सरकार ने इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ERSS) परियोजना के दूसरे चरण के तहत भी कुल 19,288 पदों के सृजन की स्वीकृति दी है. इनमें पुलिस निरीक्षक, सब-इंस्पेक्टर, एएसआई, हवलदार और सिपाही के पद शामिल हैं.
ERSS परियोजना के तहत पदों का विवरण इस प्रकार है:
पुलिस निरीक्षक – 259 पद
पुलिस अवर निरीक्षक (SI) – 1829 पद
सहायक अवर निरीक्षक (ASI) – 1218 पद
चालक हवलदार – 694 पद
चालक सिपाही – 2353 पद
हवलदार – 2943 पद
सिपाही – 9992 पद
कुल मिलाकर 19,288 पदों को स्वीकृति दी गई है.
बढ़ती आबादी के हिसाब से 48,447 पद मंजूर
इसके अलावा बढ़ती जनसंख्या के आधार पर कुल 48,447 पदों के सृजन को मंजूरी मिली है. इनमें:
पुलिस अवर निरीक्षक एवं समकक्ष – 20,937 पद
सिपाही एवं समकक्ष – 22,010 पद
चालक सिपाही एवं समकक्ष – 5,500 पद
शामिल हैं.
SI पदों पर लागू हुआ 50-50 फॉर्मूला
इस अधिसूचना का सबसे अहम हिस्सा पुलिस अवर निरीक्षक (SI) के पदों को लेकर है. बिहार पुलिस हस्तक नियम के अनुसार SI के कुल रिक्त पदों में 50 प्रतिशत पद प्रोन्नति से भरे जाने का प्रावधान है. इसी नियम के तहत सरकार ने 20,937 SI पदों को दो हिस्सों में बांट दिया है.
10,468 पदों पर सीधी नियुक्ति होगी
10,469 पद विभागीय प्रमोशन से भरे जाएंगे
इस फैसले से जहां नई भर्ती की तैयारी कर रहे युवाओं को बड़ा मौका मिलेगा, वहीं विभाग में कार्यरत ASI कर्मियों को प्रमोशन का लाभ मिलेगा.
युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी
सरकार के इस फैसले से बिहार में पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहे लाखों अभ्यर्थियों में उत्साह का माहौल है. माना जा रहा है कि जल्द ही बिहार पुलिस भर्ती से संबंधित विस्तृत विज्ञापन और भर्ती कैलेंडर जारी किया जा सकता है. सरकार का दावा है कि इससे बिहार पुलिस बल मजबूत होगा और राज्य में कानून-व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी.

