UP : चोरी के जेवर गलाने से पहले सुनार समेत 3 गिरफ्तार
बलरामपुर पुलिस ने बारात की आड़ में हुई लाखों रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए सुनार समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुआ है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।
यह घटना 12-13 मई की रात कोतवाली नगर क्षेत्र के केवलपुर गांव में हुई थी। पीड़ित धर्मराज तिवारी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि चोर उनके घर से 70 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवर चोरी कर ले गए।
मुखबिर की सूचना पर तीन आरोपी गिरफ्तार
एसपी विकास कुमार के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर अलीबाग के पास आम के बाग से राजू उर्फ मिठ्ठू उर्फ ननके, पप्पू शिल्पकार और रमन उर्फ राजू सोनी को गिरफ्तार किया। आरोपियों के पास से 35 हजार रुपये नकद, तीन जोड़ी पायल, 23 जोड़ी बिछुए, मंगलसूत्र, अंगूठी, चेन, मांगटीका, दो जोड़ी सोने की झुमकी और एक एंड्रॉयड मोबाइल बरामद किया गया।
सुनार को गलाने के लिए दिए थे जेवर
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गांव में बारात होने से अधिकांश लोग घरों से बाहर थे। इसका फायदा उठाकर उन्होंने साथियों उमेश शिल्पकार, सन्नी पथरकट और लड़ाई लाल उर्फ बहरे के साथ छत के रास्ते घर में घुसकर बक्से और अटैची के ताले तोड़े और नकदी व जेवर चोरी कर लिए।
चोरी के बाद नकदी आपस में बांट ली गई, जबकि जेवर गलाने और बेचने के लिए रमन उर्फ राजू सोनी को दिए गए थे। पुलिस ने लेन-देन के दौरान तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
तीनों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी पहले से भी आपराधिक मामलों में शामिल रहे हैं। राजू उर्फ मिठ्ठू पर चोरी और गैंगस्टर एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। पप्पू शिल्पकार पर आबकारी, आयुध अधिनियम और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जबकि रमन उर्फ राजू सोनी के खिलाफ भी चोरी सहित अन्य आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाते हुए तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

