News

खुर्जा : फैशन शो और अवार्ड शो पर बवाल, अश्लीलता, लव जिहाद के आरोप

खुर्जा में बिना प्रशासनिक अनुमति के आयोजित एक फैशन और अवार्ड शो को लेकर विवाद गहरा गया है। शनिवार को हिंदू संगठनों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उपजिलाधिकारी (एसडीएम) प्रतीक्षा पांडेय को ज्ञापन सौंपकर आयोजकों और रेस्टोरेंट प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। यह कार्यक्रम एनएच-34 स्थित रेस्टोरेंट में हुआ था एसडीएम को सौंपे गए ज्ञापन के अनुसार, यह कार्यक्रम 28 जून 2026 को खुर्जा के रेस्टोरेंट में आयोजित किया गया था। आरोप है कि इस आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन से कोई पूर्व अनुमति नहीं ली गई थी और क्षमता से अधिक भीड़ जुटाई गई थी।

हिंदू संगठनों ने सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे कार्यक्रम के वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया है कि फैशन शो के नाम पर शामिल युवतियों के साथ अभद्र टिप्पणियां और अश्लील हरकतें की गईं। कार्यकर्ताओं ने इसे ‘लव जिहाद’ को बढ़ावा देने वाला एक प्रायोजित कार्यक्रम करार दिया है। ज्ञापन में रेस्टोरेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठाए गए हैं। सामाजिक कार्यकर्ता और भूमि विकास बैंक के अध्यक्ष सुनील सोलंकी ने बताया कि रेस्टोरेंट के ठीक ऊपर से उच्च क्षमता वाली हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है। उन्होंने चिंता व्यक्त की कि बिना अनुमति इतनी बड़ी भीड़ एकत्र करने से कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। सोलंकी ने ऐसे अनधिकृत आयोजनों और परिसरों पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।

खुर्जा की एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय ने बताया कि उन्हें हिंदू संगठनों से एक ज्ञापन मिला है। इसमें बिना प्रशासनिक अनुमति के कार्यक्रम आयोजित करने, अभद्र व्यवहार और रेस्टोरेंट के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरने से जुड़ी सुरक्षा चिंताओं का उल्लेख किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जा रही है और जांच के तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *