News

अलीगढ़ में SHO ने सपा कार्यकर्ताओं पर पिस्टल तानी:कलेक्ट्रेट के बाहर हंगामा

अलीगढ़ कलेक्ट्रेट के सामने शुक्रवार को सपा कार्यकर्ताओं पर सिविल लाइंस थाने के SHO ने पिस्टल तान दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। इसका वीडियो भी सामने आया है।

वीडियो में दिख रहा है कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोग पुतला दहन का प्रयास कर रहे थे। उन्हें रोकने के लिए पुलिस आगे बढ़ी, जिसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हो गई।

इसी दौरान SHO सतवीर सिंह ने हाथ में पिस्टल निकालकर प्रदर्शनकारियों की ओर तान दी। पुलिस का कहना है कि पुतला दहन रोकने के दौरान पुलिस के साथ अभद्रता की गई। सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई गई। 8 नामजद समेत 30-40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अलीगढ़ में रामपुर स्थित मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को ध्वस्त करने के आदेश के विरोध में समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को अलीगढ़ कलेक्ट्रेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार और रामपुर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन भेजकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने और आदेश वापस लेने की मांग की गई।

इससे पहले कलेक्ट्रेट के बाहर पीएम मोदी का पुतला जलाने की कोशिश की गई। इस दौरान पुलिस प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नोकझोंक हो गई। सिविल लाइंस थाने के SHO सतवीर सिंह ने भीड़ को काबू करने के लिए सर्विस पिस्टल निकाल ली।

सपा महानगर अध्यक्ष अब्दुल हमीद घोसी ने कहा- पार्टी रामपुर प्रशासन के ध्वस्तीकरण आदेश का विरोध करती है और इसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र को कमजोर करने का काम कर रही है।

अब्दुल हमीद घोसी ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी में हजारों छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। ऐसे शिक्षण संस्थान को नुकसान पहुंचाने से विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित होगा। उनका कहना था कि यदि यूनिवर्सिटी के दस्तावेजों या व्यवस्थाओं में कोई कमी है तो उसे नियमानुसार पूरा कराया जा सकता है, लेकिन संस्थान को ध्वस्त करना उचित नहीं है।

मांग नहीं मानी तो आंदोलन की चेतावनी

सपा नेताओं ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो पार्टी बड़ा आंदोलन करेगी। जरूरत पड़ने पर रामपुर में भी प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए निर्णय लेने की अपील की। प्रदर्शन में पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *