घर पर बनाएं बाजार जैसा मुलायम और मखमली पनीर
पटनाः अगर आपको लगता है कि बाजार जैसा मुलायम और मखमली पनीर घर पर नहीं बन सकता, तो यह सोचना बिल्कुल गलत है. थोड़ी सी सावधानी और सही तरीका अपनाकर आप घर में ही ऐसा पनीर तैयार कर सकते हैं, जो स्वाद और बनावट दोनों में बाजार के पनीर को टक्कर देगा. खास बात यह है कि घर पर बना पनीर ताजा, शुद्ध और बिना किसी मिलावट के होता है. आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी और वे जरूरी टिप्स, जिनकी मदद से आपका पनीर हर बार बिल्कुल परफेक्ट बनेगा.
ऐसे बनाएं मुलायम और मखमली पनीर
- सबसे पहले मोटे तले वाले बर्तन में 1 लीटर दूध डालकर मध्यम आंच पर उबालें. दूध गर्म होने के दौरान बीच-बीच में चलाते रहें ताकि वह बर्तन की तली में न लगे.
- जब दूध में अच्छी तरह उबाल आ जाए, तब गैस बंद कर दें और उसे 2 से 3 मिनट तक हल्का ठंडा होने दें. देश के कई बड़े होटल्स में काम कर चुकी शेफ स्पर्श नरूला बताती हैं कि यह स्टेप बेहद जरूरी है, क्योंकि बहुत ज्यादा गर्म दूध में सिरका या दूध फाड़ने वाली आइटम डालने से पनीर हार्ड हो सकता है.
- अब आधा कप पानी में तीन चम्मच सिरका मिलाएं. इस मिश्रण को दूध में धीरे धीरे डालें और चलाते रहें. ध्यान रखें कि सिरका एक साथ न डालें और दूध को ज्यादा तेज़ी से न चलाएं. कुछ ही देर में दूध फट जाएगा और हरा पानी अलग दिखाई देने लगेगा. दूध को फाड़ने के लिए आप सिरके की जगह नींबू रस, पुराने पनीर का बचा हुआ मट्ठा या जो आपको आसान लगे.
- इसके बाद एक छलनी पर साफ कॉटन का कपड़ा बिछाकर फटे हुए दूध को छान लें. अब पनीर को बहते हुए साफ पानी से अच्छी तरह धो लें ताकि सिरके की खटास पूरी तरह निकल जाए.
कपड़े को अच्छी तरह बांधकर एक्स्ट्रा पानी निकाल दें. इसके बाद पनीर को किसी जालीदार डिब्बे या प्लेट पर रखें और उसके ऊपर कोई भारी वजन रख दें. इससे बचा हुआ पानी भी निकल जाएगा और पनीर अच्छी तरह सेट हो जाएगा. लगभग 1 घंटे बाद आपका मुलायम, मखमली और बाजार जैसा पनीर तैयार होगा. तैयार पनीर को फ्रिज में रखकर 2 से 3 दिन तक इस्तेमाल किया जा सकता है.
घर पर तैयार किया गया पनीर न सिर्फ ताजा और पौष्टिक होता है, बल्कि इसमें किसी तरह का प्रिजर्वेटिव या मिलावट भी नहीं होती. सही तरीके से बनाया गया पनीर सब्जी, पनीर टिक्का, सैंडविच, सलाद और कई दूसरे खाने का स्वाद कई गुना बढ़ा देता है.

