Latest

Jhansi News : दुल्हन  बोली-1 करोड़ नहीं दिए तो शादी से मना किया, दूल्हा बोला-जूतों से पीटा

दुल्हन सज-धज कर दूल्हे का इंतजार करती रही, दूल्हा बारात लेकर नहीं पहुंचा। इससे दुल्हन खफा होकर थाने पहुंच गई। थानेदार से कहा- मंगेतर आयरलैंड में सॉफ्टवेयर इंजीनियर है। शादी में 1 करोड़ रुपए की डिमांड की गई। बाद में 50 लाख रुपए देने का दबाव बनाया। रुपए नहीं दिए तो बारात लेकर नहीं आया।

थोड़ी देर बाद दूल्हा भी थाने पहुंच गया। दूल्हे का कहना है- मुझे कमरे में बंद कर जूतों से पीटा। थानेदार ने दोनों पक्षों को समझाने की बहुत कोशिश की, लेकिन बात नहीं बन पाई। मामला झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। गुरुवार रात को शादी होनी थी।

दूल्हा आचरण जैन कोतवाली थाना क्षेत्र के सुभाषगंज में रहता है। दुल्हन आकृति जैन मध्य प्रदेश के छतरपुर की रहने वाली है। वह भी इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर चुकी है। दुल्हन के चचेरे भाई भूपेंद्र जैन ने बताया- 5 महीने पहले शादी तय हुई थी। इसके 1 महीने बाद एंगेजमेंट हुई। इसमें झांसी से 150 लोग छतरपुर आए थे। लड़के को डायमंड की अंगूठी, ब्रेसलेट दिया। बहन, मां, भाई, पिता को अंगूठी दी थी। सब कुछ अच्छे से हुआ।

भूपेंद्र ने बताया- 3 दिन पहले हम लोग सगुन देने आए थे। दोनों परिवारों की रजामंदी से शादी झांसी से होनी थी। इसके लिए पहले से ही होटल और मैरिज गार्डन बुक कर लिया था। गुरुवार सुबह हम लोग होटल पहुंचे। शादी की रस्में शुरू हुईं। दोपहर में हल्दी की रस्म हुई।

इसके बाद दूल्हा गायब हो गया। वो एक करोड़ रुपए की डिमांड करने लगा। हम लोग घर गए। फिर 50 लाख रुपए पर आ गए। तब हम लोग वापस आ गए। हम चाहते हैं कि कार्रवाई हो।

दुल्हन आकृति जैन ने कहा- वो लोग पहले 1 करोड़ रुपए मांग रहे थे। बाद में 50 लाख रुपए मांगने लगे। बोले पैसे नहीं दिए तो शादी नहीं करेंगे। हमारी सुबह हल्दी हो चुकी थी, इसके बाद उन्होंने फेरे लेने से मना कर दिया। थाने आए तो दबाव डाला जा रहा है कि राजीनामा कर लो। बंधक बनाकर मारपीट करने का झूठा आरोप लगा रहे हैं।

दूल्हे आचरण जैन ने कहा- तीन-चार दिन से हमारे घरवालों से बदतमीजी हो रही थी। दुल्हन हर बात पर कमी निकाल रही थी। उसका कहना था कि मेहंदी और संगीत अच्छे से नहीं हुआ। प्रेशर बना रही थी कि अच्छे से इवेंट करो, नहीं तो फेरे लेने नहीं आऊंगी। हमारी जितनी हैसियत थी, उस हिसाब से इवेंट करा रहे थे।

1 करोड़ या 50 लाख मांगने की कोई बात नहीं है। मुझे और पिता को कमरे में बंद करके जूतों से पीटा गया। अब हम शादी नहीं करेंगे। लड़की का भाई मुझसे कहता है कि उसके पर 28 केस दर्ज हैं। वो मुझे फंसा देगा। उसके नेताओं से संबंध हैं। उसने मुझे थाने में बंद करवाने की धमकी दी थी। ये लोग जो आरोप लगा रहे हैं, वो झूठे हैं।

शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। दुल्हन के घरवालों ने दहेज में 50 लाख रुपए मांगने का आरोप लगाया है। दूल्हे पक्ष ने बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगाया। दोनों पक्षों की ओर से मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

Umh News india

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *