बुलंदशहर : खुले नाले में गिरने से चौथी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा बह गई, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
बुलंदशहर में मंगलवार को भारी बारिश के बाद नगर पालिका और जिला प्रशासन के दावों की हकीकत सामने आ गई। मोहल्ला साठा इलाके में एक खुले नाले में गिरने से चौथी कक्षा की 11 वर्षीय छात्रा बह गई। यह घटना भूतेश्वर मंदिर के पास सुशीला इंटरनेशनल स्कूल से घर लौटते समय हुई। बच्ची को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
जानकारी के अनुसार, कक्षा 4 की छात्रा चारु कश्यप स्कूल से छुट्टी के बाद पैदल घर लौट रही थी। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। जलभराव और बारिश से बचने के लिए चारु नाले के ऊपर रखी पटिया पर खड़ी हो गई। जलभराव के कारण नाला उफान पर था और पटिया के आसपास गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे थे। अचानक संतुलन बिगड़ने से चारु उफनाते नाले (खुले मेनहोल) में जा गिरी और पानी के तेज बहाव में बह गई। हादसे की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और नगर पालिका की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मी और नगर पालिका की रेस्क्यू टीम जलमग्न नालों और मेनहोल में बच्ची की तलाश के लिए युद्धस्तर पर अभियान चला रही है।
स्थानीय निवासियों में नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश है। लोगों का आरोप है कि बारिश के मौसम से पहले नालों की सफाई और खुले मेनहोल ढकने का काम पूरा नहीं किया गया। उनका कहना है कि जरा सी बारिश में ही पूरा बुलंदशहर शहर जलमग्न हो जाता है और खुले नाले हादसों को न्योता देते हैं, जिस पर प्रशासन ध्यान नहीं देता।
घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल है। बच्ची के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि रेस्क्यू टीमें उसकी तलाश में जुटी हुई हैं। पूरे शहर में जलभराव के चलते बचाव अभियान में भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

