गोरखपुर : ज्वैलरी कारोबारी के पोते की अपहरण के बाद हत्या
गोरखपुर के ज्वैलरी कारोबारी के 10 साल के पोते की मंगलवार को अपहरण के बाद हत्या कर दी गई। लाश घर से 20 मीटर दूर रहने वाले पड़ोसी के घर में बोरे में भरी मिली। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि वैभव वर्मा सोमवार शाम को लापता हो गया था। वह स्कूल से घर लौटा। फिर साइकिल लेकर घर के बाहर खेलने चला गया।
करीब 30 मिनट बाद परिवार को सूचना मिली कि बच्चे की साइकिल लावारिस हालत में पड़ी है। परिवार के लोग भागते हुए पहुंचे। आसपास तलाश की तो थोड़ी दूरी पर बच्चे की एक चप्पल मिली। परिवार ने पूरे इलाके में तलाश की। स्कूल, दोस्तों, रिश्तेदारों में पता किया। पुलिस को सूचना दी।
पुलिस फॉरेंसिक, डॉग स्कवॉयड के साथ मौक पर पहुंची। सीसीटीवी चेक किए तो बच्चा पड़ोस में रहने वाले कम्प्यूटर टीचर के साथ जाते दिखाई दिया। पूछताछ की गई तो उसने अपहरण के बाद हत्या की बात कबूल कर ली।
आरोपी की निशानदेही पर घर के बेसमेंट से बच्चे का शव बरामद कर लिया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना जिला मुख्यालय से 50 किमी दूर खजनी कस्बे की है। खजनी कस्बे में लक्ष्मी नारायण वर्मा रहते हैं। इनकी गिनती इलाके के सबसे बड़े ज्वैलरी कारोबारी में होती हैं। लक्ष्मी नारायण के बेटे हनुमान का सबसे छोटा बेटा वैभव नवल्स एकेडमी से चौथी क्लास में पढ़ाई करता था। सोमवार दोपहर 1:30 बजे वैभव स्कूल से लौटा। घर पहुंचकर बैग रखा और यूनिफॉर्म बदलकर साइकिल लेकर घर से निकलने लगा।
दादी ने वैभव से खाना खाने के लिए कहा तो उसने कुछ देर में आने की बात कही। करीब 30 मिनट बाद एक पड़ोसी ने घर आकर बताया कि वैभव की साइकिल घर के पीछे पड़ी हुई है। दादी घर से 50 मीटर दूर पहुंची तो वैभव नहीं दिखा। आसपास तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। दादी ने परिवार को सूचना दी।
वैभव के पिता और परिवार के बाकी लोग भी 20-25 मिनट में आ गए। उन्होंने तलाश शुरू की तो जहां साइकिल मिली थी, उससे 100 मीटर दूर खाली खेत में वैभव की एक चप्पल पड़ी हुई थी। परिवार को अपहरण का शक हुआ। तुरंत पुलिस को सूचना दी। एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने 5 टीमें गठित कीं। एक टीम ने CCTV खंगालने शुरू किए। बाकी टीमें डॉग स्कवॉयड लेकर मौके पर पहुंचीं। बच्चे की स्कूल ड्रेस खोजी कुत्ते को सुंघाई गई। इसके बाद कुत्ता जहां चप्पल पड़ीं थी, वहां से एक किमी दूर खेत से होता हुआ रोड तक गया। पुलिस को शक हुआ कि बच्चा खेत से रोड तक पहुंचा होगा।

