लखनऊ : डांसरों के साथ VIDEO में दिखे पंचायत सचिव सस्पेंड
लखनऊ, लखनऊ में डांसरों के साथ वीडियो में दिखने वाले पंचायत सचिव के खिलाफ जिला प्रशासन ने एक्शन ले लिया है। माल विकासखंड में चार ग्राम पंचायतों की जिम्मेदारी संभाल रहे पंचायत सचिव सद्गुरु प्रसाद को मंगलवार सुबह निलंबित कर दिया गया है। सोमवार को सामने आए वीडियो में वह जिंदगी इम्तिहान लेती है… गाने पर लेडी डांसरों के साथ झूमते दिखे थे।
गांववालों ने उन पर शराब पीकर नाचने का आरोप लगाया था। डीडीओ आलोक दत्त उपाध्याय ने बताया कि पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया है। इस पूरे मामले की जांच बीकेटी ब्लॉक विकास अधिकारी (BDO) पूजा पांडेय को सौंप गई है।
डांसरों के साथ हंसते और पास में बैठकर झूमते दिखे
बता दें वीडियो में पंचायत सचिव हंस रहे और डांसरों के साथ बहके-बहके नजर आ रहे हैं। गांववालों का कहना है कि सचिव साहब शराब पीकर झूम रहे और डांस कर रहे थे। किसी सरकारी कर्मचारी को इस तरह इलाके में माहौल को खराब नहीं करना चाहिए। सद्गुरु प्रसाद पिछले 3 सालों से माल विकास खंड में तैनात हैं। उनके पास नबीपनाह, आंट, सैदापुर और हसनापुर ग्राम पंचायतों का प्रभार था। इससे पहले सद्गुरु प्रसाद 7 साल तक मलिहाबाद में तैनात रहे। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, लेकिन उस समय कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
कुछ ग्रामीणों ने नाम नहीं छापने की शर्त पर कहा कि पंचायत सचिव निजी कार्यक्रमों में अक्सर डांस करते नजर आते हैं। सचिव काफी समय से माल विकासखंड में ही तैनात हैं। ऐसे में उनके काम की भी जांच कराई जानी चाहिए।

