लखनऊ : अंधाधुंध फायरिंग, 3 लोगों की हुई मौत
लखनऊः उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सआदतगंज के नौबस्ता इलाके में अंधाधुंध फायरिंग की गई. इस दौरान तीन लोगों को गोली लग गई, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई. हालांकि गोलीबारी करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस मामले की तफ्तीश में जुट गई है. बताया जा रहा है कि दो पक्षों में विवाद हुआ था. इस दौरान एक युवक ने फायरिंग कर दी, जिसमें तीन लोगों को गोली लग गई. मौके पर दो लोगों की मौत हो गई.
सिपाही ने निहत्थे होते हुए आरोपी को पकड़ लिया
वहीं एक शख्स का ट्रामा सेंटर में मौत हो गई. गोलीबारी की घटना से परिवार में मातम पसर गया है. सूचना पर निहत्थे पहुंचे सिपाही कार्तिक ने अपराधी को दौड़कर पकड़ा. सूचना के बाद मौके पर फोर्स पहुंची. थाना सआदतगंज के नौबस्ता क्षेत्र का मामला है.
दो सगे भाई और एक बेटे की मौत
मृतकों की पहचान 62 वर्षीय शिवाजी तिवारी और 55 वर्षीय शिवेंद्र तिवारी के रूप में हुई है. दोनों सगे भाई थे. शिवाजी तिवारी का बेटा सुयश तिवारी फायरिंग में गंभीर रूप से घायल हो गया था, जिसकी ट्रामा सेंटर में मौत हो गई. वहीं पुलिस ने हत्यारोपी ऋषभ शुक्ला को हिरासत में ले लिया है. उसके पास से अवैध पिस्टल बरामद किया गया है. ऋषभ शुक्ला भारतीय नौसेना में नेविगेशन अफसर बताया जा रहा है. पार्किंग विवाद को लेकर डबल मर्डर की बात आ रही सामने. फायरिंग की घटना को लेकर डीसीपी वेस्ट ने बताया कि आपसी विवाद में गोलीबारी की यह घटना हुई है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है.

