JOBS

यूपी में TGT के 17,735 पदों पर भर्ती निकली

उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग (UPESSC) ने शुक्रवार शाम 8 बजे माध्यमिक स्कूलों में प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (TGT) भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया। सहायक अध्यापक के 17,735 पदों पर भर्ती होगी।

आयोग के मुताबिक, आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वे फॉर्म भर सकेंगे।

अभ्यर्थी 24 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। फीस जमा करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर 2026 है। फॉर्म में गलती होने पर 26 नवंबर तक संशोधन किया जा सकेगा।

परीक्षा 23 और 24 दिसंबर 2026 को होगी। 360 नंबर के बहु विकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। निगेटिव मार्किंग भी होगी। आयोग ने प्रधानाचार्य और प्रधानाध्यापक के कुल 2,647 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन भी जारी किया है। इसकी लिखित परीक्षा 7 जनवरी 2027 को होगी

रजिस्ट्रेशन और आवेदन फॉर्म अंग्रेजी में भरना होगा

अभ्यर्थियों को आयोग की आधिकारिक वेबसाइट www.upessc.up.gov.in पर जाकर आवेदन करना होगा। रजिस्ट्रेशन और आवेदन फॉर्म अंग्रेजी में भरना होगा।

सामान्य, OBC और EWS वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन फीस 1 हजार रुपए है। SC और ST वर्ग के अभ्यर्थियों को 500 रुपए, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों को 300 रुपए फीस देनी होगी।

21 से 62 वर्ष तक के अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन

भर्ती के लिए 1 जुलाई 2026 को अभ्यर्थी की उम्र कम से कम 21 साल और अधिकतम 62 साल होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को हर महीने ₹44,900 से ₹1,42,400 तक वेतन मिलेगा।

ये योग्यताएं जरूरी

  • संबंधित विषय में 50% अंकों के साथ स्नातक या 45% अंकों के साथ स्नातकोत्तर।
  • NCTE से मान्यता प्राप्त संस्थान से B.Ed जरूरी।
  • शारीरिक शिक्षा के लिए B.P.Ed/B.P.E. की योग्यता।
  • UP या केंद्र सरकार की ओर से आयोजित उच्च प्राथमिक स्तर की TET परीक्षा पास होना अनिवार्य।

परीक्षा पैटर्न: 120 सवाल, 2 घंटे का समय

TGT भर्ती की लिखित परीक्षा 360 अंकों की होगी। इसमें 120 बहुविकल्पीय सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा के लिए 2 घंटे मिलेंगे। सामान्य ज्ञान के 30 और संबंधित विषय के 90 सवाल होंगे। हर सही जवाब पर 3 अंक मिलेंगे, जबकि गलत जवाब पर 1 अंक कटेगा।

शारीरिक शिक्षा के सबसे कम पद

TGT भर्ती में हिंदी विषय के सबसे ज्यादा 2,791 पद हैं। अंग्रेजी के 2,517, विज्ञान के 2,493, सामाजिक विज्ञान के 2,482 और गणित के 2,349 पद हैं। इसके अलावा संस्कृत के 1,289, शारीरिक शिक्षा के 849, गृह विज्ञान के 798, चित्रकला के 775 और जीव विज्ञान के 660 पद हैं।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *