Crime News

प्रयागराज : युवती से छेड़खानी: फॉर्च्यूनर सवार युवकों ने किए अश्लील कमेंट

प्रयागराज में दशहरा मेला देखकर लौट रही युवती से छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि फॉर्च्यूनर सवार पांच युवकों ने युवती पर अश्लील कमेंट किए। विरोध करने पर उसके दोस्त से मारपीट की और युवती को जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। शोर मचने पर सभी आरोपी कार से नैनी की तरफ भाग गए।

युवती के दोस्त ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद कीडगंज थाने में लिखित शिकायत दी। युवक का आरोप है कि शिकायत के बावजूद 24 घंटे तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे कीडगंज थाना क्षेत्र की है। कीडगंज निवासी युवक ने बताया कि वह अपनी महिला मित्र और उसके भाई के साथ मुट्ठीगंज का दशहरा मेला देखकर घर लौट रहा था। वह बाइक से था, जबकि युवती अपने भाई के साथ स्कूटी पर जा रही थी। पुराने यमुना पुल के पास फॉर्च्यूनर सवार पांच युवक उनके करीब आए और स्कूटी के बगल में गाड़ी लगाकर अश्लील कमेंट करने लगे।

युवक के मुताबिक, विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ गालीगलौज और हाथापाई की। उसने आरोप लगाया कि सभी युवक नशे में थे और अभद्र भाषा का इस्तेमाल कर रहे थे।

युवती को कार में बैठाने की कोशिश

आरोप है कि विवाद के दौरान युवकों ने युवती को स्कूटी से उतारकर जबरन कार में बैठाने की कोशिश की। शोर मचने पर आसपास के लोगों का ध्यान उनकी ओर गया, जिसके बाद आरोपी कार लेकर नैनी की तरफ भाग गए।

युवक ने पुलिस पर कार्रवाई न करने का लगाया आरोप

युवक का कहना है कि उसने आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की थी, लेकिन उसकी शिकायत पर सुनवाई नहीं हुई। उसने यह भी आरोप लगाया कि चौकी प्रभारी ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज नहीं देखी।

कीडगंज थाना प्रभारी दिनेश सिंह ने बताया-युवक की ओर से शिकायत मिली है। अभी तक कोई युवती सामने नहीं आई है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कराई जा रही है।

Umh News india

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *