UP Teacher Bharti 2026: यूपी में 12,405 टीचर्स की भर्ती
UP Teacher Recruitment 2026, UP Super TET 2026: उत्तर प्रदेश में सरकारी शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ा मौका है. राज्य में प्राथमिक शिक्षक के 12,405 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है लेकिन सिर्फ आवेदन करने या UPTET और CTET पास होने से नौकरी नहीं मिलेगी. इसके लिए उम्मीदवारों को सुपर टीईटी की लिखित परीक्षा में भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा. इस परीक्षा में भाषा, गणित, विज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, बाल मनोविज्ञान, शिक्षण कौशल, सामान्य ज्ञान और रीजनिंग जैसे विषयों से सवाल पूछे जाने हैं. परीक्षा की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह समझना जरूरी है कि प्रश्नपत्र किस तरह का होगा, किन विषयों से सवाल आएंगे और चयन के लिए किन बातों पर ध्यान देना होगा. आवेदन शुल्क जमा करने की अंतिम तारीख 15 अक्टूबर 2026 बताई गई है जबकि फॉर्म में सुधार के लिए 19 अक्टूबर तक का समय दिया गया है. ऐसे में अगर आप भी उत्तर प्रदेश के सरकारी स्कूल में शिक्षक बनना चाहते हैं तो जानिए भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी.
नौकरी पाने के लिए क्या करना होगा?
उत्तर प्रदेश के प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक बनने का सपना देख रहे अभ्यर्थियों के लिए सुपर टीईटी 2026 एक महत्वपूर्ण परीक्षा है. इस भर्ती के जरिए राज्य के प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पदों को भरने की योजना है.कुल 12,405 पदों के लिए आवेदन मांगे गए हैं. इनमें 11,508 पद शहरी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालयों से संबंधित बताए गए हैं जबकि 897 पद सहायता प्राप्त प्राथमिक विद्यालयों के हैं. ये भर्तियां उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग यानी UPESSC के माध्यम से होनी हैं हालांकि उम्मीदवारों को एक बात समझनी होगी कि शिक्षक पात्रता परीक्षा पास करना और शिक्षक की नौकरी मिलना दो अलग-अलग बातें हैं. UPTET या CTET उम्मीदवार की पात्रता से जुड़ी परीक्षा है जबकि सुपर टीईटी भर्ती में चयन के लिए आयोजित की जाने वाली प्रतियोगी परीक्षा है इसलिए जिन अभ्यर्थियों ने पहले ही UPTET या CTET पास कर लिया है, उन्हें भी भर्ती की निर्धारित चयन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
सुपर टीईटी 2026 का प्रश्नपत्र कैसा आएगा?
इस भर्ती में सबसे महत्वपूर्ण सवाल परीक्षा के प्रश्नपत्र को लेकर है. उम्मीदवार जानना चाहते हैं कि पेपर में कितने सवाल होंगे, कितने अंक मिलेंगे और परीक्षा पूरी करने के लिए कितना समय दिया जाएगा. सुपर टीईटी 2026 की लिखित परीक्षा ओएमआर आधारित पेन-पेपर मोड में आयोजित की जाएगी. इसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे और इन्हें हल करने के लिए दो घंटे 30 मिनट का समय मिलेगा सही उत्तर के लिए तीन अंक और गलत उत्तर पर एक अंक काटने की बात भी कही गई है. सुपर टीईटी की लिखित परीक्षा ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी. इसमें उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र के साथ ओएमआर उत्तर पुस्तिका दी जाएगी.ओएमआर आधारित परीक्षा में प्रत्येक प्रश्न के सामने उत्तर के अलग-अलग विकल्प होते हैं. उम्मीदवार को सही विकल्प चुनकर उत्तर पुस्तिका में संबंधित गोले को भरना होता है.ऐसी परीक्षा में केवल सही उत्तर पता होना ही पर्याप्त नहीं है. उम्मीदवार को समय का ध्यान रखते हुए उत्तर पुस्तिका भी सावधानी से भरनी होती है.अगर किसी प्रश्न के सामने गलत विकल्प भर दिया जाए या उत्तर पुस्तिका पर निर्धारित तरीके से निशान न लगाया जाए तो मूल्यांकन में परेशानी हो सकती है इसलिए उम्मीदवारों को तैयारी के दौरान ओएमआर शीट पर अभ्यास भी करना चाहिए. इससे परीक्षा के दिन समय बचाने और गलतियां कम करने में मदद मिल सकती है.

